महासमुन्द
आर्थिक समस्याओं से जूझ रही भलेसर, कोसरंगी, हाथीबाहारा, तेंदुकोना, जोगीडीपा गौशाला
जिले की पांचों गौ शालाओं से प्रतिदिन निकलता है 3 ट्रैक्टर गोबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 मई। राज्य शासन के ड्रीम प्रोजेक्ट में नरवा, घुरुवा, गरूवा और बाड़ी को प्रमोट करने हेतु अनेक योजनाएं बनाई गई है। राज्य के गौठानों व महिला समूहों को लाभ पहुंचाने के लिए कर्ई कार्यक्रम तय हैं। जिले में गोबर की खरीदी भी द्रुत गति से जारी है लेकिन महासमुंद के गौ शालाओं से गोबर की खरीदी नहीं की जाती है। जिले की पांचों गौ शालाओं से प्रतिदिन 3 ट्रैक्टर गोबर निकलता है। लेकिन शासन इस गोबर की खरीदी नहीं करती है। लिहाजा यहां के गोबर से कंडे आदि बनाए जाते हैं। या फिर खाद आदि बनाकर औने-पौने दाम में बेच देते हैं।
महासमुंद जनपद की सीईओ निकहत सुल्ताना कहती हैं कि अधिकांश गौ शालाओं में दूध उत्पादन की वजह से उन्हें डेयरी वाला आहार खिलाया जाता है। यहां के गोबर में पानी की मात्रा अधिक रहती और सूखत आता है। फलस्वरूप गौशाला में रहने वाली गौ के गोबर को खरीदी की गाइडलाइन से बाहर रखा गया है।
मालूम हो कि महासमुंद जिले में 5 बड़ी गौशाला हैं,जो इस वक्त आर्थिक परेशानियों से जूझ रही हैं। जिले के गौठानों से गोबर खरीदा जाता है, लेकिन गौ शालाओं से 1 किलो गोबर भी शासन नहीं खरीदती। गौ शालाओं का संचालन करने वाली समितियां जैसे-तैसे दान आदि से गौधन का पेट भर रही हंै। गौ सेवा आयोग की ओर से प्रति यूनिट 25 रुपए मिलने वाली राशि भी नाकाफ ी है। बीस साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह के शासनकाल से गौ शालाओं का संचालन करने वाली समितियों ने अनुदान की राशि बढ़ाने की मांग की थी।
अब भूपेश सरकार का कार्यकाल भी पांच वर्ष पूर्ण होने वाला है, लेकिन राशि नहीं बढ़ाई गई। वेदमाता गौशाला भलेसर, गुरूकुल गौशाला कोसरंगी, हाथीबाहारा गौशाला, तेंदुकोना गौशाला तथा जोगीडीपा गौशाला समेत सभी गौशाला आर्थिक समस्याओं से जूझ रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार मंडी में गौ सेवा काउंट के लिये चंदा होता है, जो आयोग के माध्यम से गौ शालाओं को प्रदान किया जाता है। जिसमें सालाना 20 लाख की राशि अधिकतम है।
इसी राशि में शेड निर्माण, वॉल निर्माण, कर्मचारी, चारा-पानी, पंप, दवाइयां सभी शामिल हैं। गौ शालाओं के संचालकों के मुताबिक एक व्यस्क गाय के लिये 20 रुपए तथा बछड़ा-बछिया के लिये 10 रुपए प्रतिदिन का आहार निर्धारित किया गया है, जबकि प्रत्येक पशु आहार 25 रुपए से अधिक है। इसके साथ ही रेडी टू ईट पशु आहार की कीमतों में उछाल है।
गौ सेवा आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आयोग के मुताबिक 1 साल से ऊपर तथा साढ़े 3 साल से कम गौधन को प्वाइंट 7 यूनिट, 0 से 1 वर्ष को प्वाइंट 2 यूनिट, बैल 1.2 यूनिट, भैंस 1.2 यूनिट माना गया है। इसी के अनुसार प्रति यूनिट 25 रुपए प्रतिदिन का आयोग गौ शालाओं को प्रदान करती है।