महासमुन्द
भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान को ले कार्यकर्ताओंं को मार्गदर्शन देने पहुंचे दिग्गज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 मई। जिला भाजपा कार्यालय महासमुंद में भाजपा जिला महासमुंद की बैठक हुई। महा जनसंपर्क अभियान के लोकसभा क्षेत्र प्रभारी व पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर, प्रभारी पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी और मंचस्थ पदाधिकारियों ने भारत माता, दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर बैठक का शुभारंभ किया।
जिला कार्यसमिति की बैठक की प्रस्तावना रखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्णिम कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर महाजनसंपर्क अभियान कार्यक्रम के तहत विभिन्न कार्यक्रम जिला संगठन को प्राप्त हुए हैं। जिसके तहत सभी कार्यक्रमों को आगामी 30 मई से 30 जून तक पूर्ण करना है। अभियान को लेकर सभी मंडलों में कार्यकर्ताओं के दायित्व निर्धारण किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि भूपेश सरकार के कार्यकाल में हुए सभी भ्रष्टाचार और घोटाले परत दर परत उजागर हो रहे हैं। केंद्र सरकार की राशि का पूरा-पूरा उपयोग प्रदेश सरकार कर रही है। आगामी समय में होने वाले चुनावों में हम सभी संकल्प के साथ मैदान में उतरेंगे और माफियाओं के माध्यम से अपनी जेब भरने में लगी कांग्रेस सरकार को सत्ता से बेदखल कर पुन: भाजपा की सरकार हम बनाएंगे।
पूर्व सांसद महाजनसंपर्क अभियान के प्रभारी चंदूलाल साहू ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार ने सबका साथ योजना हो या मेडिकल, पॉलीटेक्निक कॉलेज या अन्य कोई भी बड़ी योजना में मोदी सरकार की राशि से नागरिकों को लाभ मिला है। कांग्रेसी इसका झूठा श्रेय ले रहे हैं। हम सभी को पूरी निष्ठा, समर्पण और परिश्रम से आगामी 30 मई से 30 जून तक के सभी कार्यक्रम पूरी एकजुटता से पूरा करना है। महासमुंद जिले के जीवट कार्यकर्ता शून्य से लेकर शिखर तक की सबका विकास की परिकल्पना को साकार करते हुए अपनी योजनाओं से सर्ववर्ग के विकास को मूर्तरूप दिया है। केंद्र की भाजपा सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थी सम्मेलन, व्यापारी सम्मेलन, संपर्क से जनसमर्थन, विश्व योग दिवस से आपातकाल का काला दिवस, भाजपा के सभी मोर्चा का सम्मेलन सहित अनेक योजनाओं को लेकर हम सभी जनसंपर्क करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विमल चोपड़ा, रामलाल चौहान, परेश बागबाहरा, त्रिलोचन पटेल, प्रीतम दीवान, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, वरिष्ठ भाजपा नेता मोती साहू सहित भाजपा के प्रदेश, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, मंडल प्रभारी, सह प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा के जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठ के जिला संयोजक, जिला, जनपद, पालिका, नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं मंडल अभियान समिति के सदस्य उपस्थित थे।