महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मई। सरायपाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत खम्हारपाली के स्थानीय लोगों में दीपांजलि प्रधान, उत्तरा प्रधान, कल्याणी, बनीता साहू, मरियम बीबी, निरुपमा, जयश्री, ममता, मिथिला, उत्तरा सहित दूसरे मोहल्ले के अनिता, कमला बाई, शांति भोई, नंदिनी, सावित्री, पंकजिनी, कौशिल्या, वैदाही आदि ने बताया कि मोहल्ले में लगभग 60-70 घर हैं, जिन्हें पानी के लिए बहुत अधिक समस्या हो रही है।
वे पानी के लिए दूसरे मोहल्लों में भी जाते हैं, लेकिन वहां भी पानी की कमी है, जिससे केवल वहीं के लोगों को ही आपूर्ति हो पाती है। ऐसी स्थिति में उन्हें अंत में निजी बोरवेल का सहारा लेना पड़ता है।
इसी तरह दूसरे मोहल्ले स्कूल पारा के सोलर चलित पंप से मोहल्ले को चार नल कनेक्शन दिया गया है। जिसमें चारों कनेक्शनों में बूंद-बूंद कर पानी निकलता है। इससे ग्रामीणों को घंटों इंतजार कर पानी भरना पड़ता है और पानी नहीं मिलने पर दूसरे निजी बोर का सहारा लेना पड़ता है।
गांव में कल 2 सोलर चलित पंप एवं दी बोरवेल है। जबकि दो बोरिंग एक स्कूल के पास और एक बांध के पास है। जिसमें जल स्तर नीचे हो जाने के कारण थोड़ी-थोड़ी देर के बाद पानी निकलता है। इसके लिए भी ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। दोनों मोहल्ले के ग्रामीण अन्य मोहल्ले में पानी के लिए जाते तो हैं, लेकिन वहां भी पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण कई बार उन्हें खाली हाथ ही वापस आना पड़ता।
गांव में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए सरकार की ओर से नल से जल योजना शुरू की गई है। लेकिन गर्मी का मौसम शुरू होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर पानी के लिए हाहाकार मच जाता है। कुछ इसी तरह का मामला ग्राम पंचायत खम्हारपाली में भी देखने को मिलता है जहां एक मोहल्ले के निवासियों को पानी के गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है।