महासमुन्द

मीना बाजार में गैस सिलेंडर ब्लास्ट
19-May-2023 3:20 PM
मीना बाजार में गैस सिलेंडर ब्लास्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मई। 
बसना में अग्रसेन भवन के पास मैदान में लगे मीना बाजार में कल गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाके से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। धमाके के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। चर्चा है कि यदि यह हादसा शाम के वक्त हुआ होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। लोगों ने बताया कि मीना बाजार में काम कर रहे कर्मचारी दोपहर गैस सिलेंडर से खाना बना रहे थे। गैस पाईप लीकेज होने की वजह से सिलेंडर में आग लग गई और ब्लास्ट हो गया। आग लगते ही खाना बनाने वाला भाग गया।

मालूम हो कि बाबा बालेश्वर इंटरप्राइजेस मीना बाजार को तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के लिए अनुविभागीय अधिकारी हेमंत नंदनवार को वार्ड 13 निवासी अमित अग्रवाल ने ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में अमित अग्रवाल ने बताया था कि बसना नगर में मीना बाजार का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा है जिसमें मौत का खेल, खेल के नाम पर जुआ चलाने की भी तैयारी चल रही है व बसना में बाहरी लोगों के आने से माहौल खराब होने की संभावना है। जिसमें मौत के कुंए में इस्तेमाल होने वाले वाहनों का इंश्योरेन्स, फिटनेस व वाहन चालकों का बीमा नहीं होता है। झुले में बैठे हुए सभी व्यक्तियों का इंश्योरेन्स होना आवश्यक है। झूले का फिटनेस भी होना आवश्यक है। सभी दुकान संचालकों का नाम, मोबाईल नंबर,आधार कार्ड होना भी आवश्यक है। पूर्व में सरायपाली में दुर्घटना से हुई मौत के कारण कुंआ का संचालन प्रतिबंधित है। मीना बाजार के शुरू होने पर धारा 144 उल्लंघन होना निश्चित है। इन्हीं कारणों से मीना बाजार संचालन पर रोक लगाने की मांग की गयी है।

मीना बाजार में सिलेंडर में ब्लास्ट की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हेमंत नंदनवार ने जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। धमाके के बाद वहां पर अफरा-तफरी लगी रही। राहत की बात यह है कि वहां झूला वाले 10-15 वाले लोग बाल-बाल बच गए हैं। 

जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त मीना बाजार की खाना बनाने वाली टीम झूला के पीछे दोपहर में खाना बना रही थी। गैस पाईप में लीकेज होने की वजह से सिलेंडर में आग लग गई और ब्लास्ट हो गया। गैस सिलेंडर फटने की वजह से कल शाम मीना बाजार बंद रही। कल शाम भी ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मीना बाजार देखने आये थे। जैसे ही लोगों को गैस सिलेंडर फटने की जानकारी मिली, निराश होकर वापस चले गये।

बसना में मीना बाजार की अनुमति महासमुंद कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी सरायपाली द्वारा दी गयी है। मीना बाजार को सशर्त उनकी जिम्मेदारी में ही अनुमति प्रदान की जाती है- 

अशोक सलामे नगर पंचायत अधिकारी बसना

मैंने बसना तहसीलदार रमेश कुमार मेहतो को जांच का आदेश दिया है। जांच में जो भी गलत मिलेगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी-

हेमन्त नंदनवार एसडीएमए बसना


अन्य पोस्ट