महासमुन्द

वाहन चेकिंग के दौरान गांजा बरामद, चालक फरार
19-May-2023 3:14 PM
वाहन चेकिंग के दौरान गांजा बरामद, चालक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मई।
अंतर्राज्यीय जांच चौकी पलसापाली में पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को मारूति आर्टिका कार से 165 किलोग्राम गांजा की तस्करी करते गांजा के साथ वाहन पकड़ा गया। जबकि पकड़े जाने के डर से चालक नायकपारा बसना के पास नाका तोडक़र बसना शहर की ओर फरार हो गया। पुलिस ने कार के साथ उसकी डिक्की में रखा 165 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत 41 लाख 25 हजार रुपए बतायी है। 

बसना थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर सीमावर्ती ओडि़शा राज्य से होने वाले नशीले पदार्थ, अवैध शराब एवं अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी पर बसना पुलिस सतत निगरानी के साथ मुखबिर की सूचना पर अंतर्राज्यीय जांच चौक पलसापाली में लगातार ओडिशा से आने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा के पदमपुर रोड की तरफ से मारूति आर्टिका  का चालक पुलिस टीम को खड़ा देख तेज रफ्तार से नाका तोड़ते हुए बसना सिटी की तरफ भाग गया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े जाने के डर से वाहन को नायकपारा बसना में खड़ा कर फरार हो गया।

 पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो मारूति आर्टिका कार के पीछे डिक्की में 8 प्लास्टिक बोरी मिली। जिसे खोलकर देखने पर अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। जिसे तौल करने पर कुल 165 किलोग्राम निकला। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

फिलहाल बड़ी मात्रा में गांजा का परिवहन किये जाने के इस मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक व आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20 (ख), 29 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है।


अन्य पोस्ट