महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मई। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि तेंदूपत्ता के बढ़े दामों ने तेंदूपत्ता संग्राहकों की जिंदगी में बहार ला दी है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को उनकी मेहनत का पूरा दाम मिलने लगा है और तेंदूपत्ता से होने वाली कमाई से उनकी जिंदगी में बदलाव भी देखने को मिल रहा है।
संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि तेंदूपत्ता को हरा सोना कहा जाता है। गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की अवधारणा के साथ छत्तीसगढ़ सरकार ने तेंदूपत्ता के हरा सोना नाम को सार्थक कर दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप प्रदेश के वनवासियों के हित को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में वर्तमान में समर्थन मूल्य पर 65 लघु वनोपजों की खरीदी की जा रही है। राज्य सरकार का यह फैसला वनांचल के वनवासियों तथा आदिवासियों के हित में अहम् साबित हो रहा है। लघु वनोपजों की संख्या में वृद्धि होने से उनकी आय में भी बढ़ोतरी हो रही है।
संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि भूपेश सरकार के साढ़े चार सालों में संग्राहकों की संख्या में भी 4 गुना से ज्यादा की बढ़ोत्तरी हुई है। वर्ष 2018-19 में संग्राहकों की संख्या 1.5 लाख थी जो आज बढक़र करीब 6 लाख हो गई है। संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि राज्य शासन द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने के साथ ही उनके बच्चों के जीवन में शिक्षा की अलख जगाने का कार्य भी कर रही है। जिसके लिए शासन अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति प्रदान कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
इससे पढ़ाई में सहायता होने से बच्चों में पढ़ाई को लेकर ललक बढऩे लगी है। शासन द्वारा बच्चों के पढ़ाई के लिए सहायता मिलने से परिजन भी काफी खुश हंै।