महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मई। भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर को नागरिकों ने वार्ड में ओपन जिम के साथ ही मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने ध्यानाकर्षित कराया। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने उचित पहल करने का आश्वासन दिया।
आज गुरूवार को संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने वार्ड 15 व 18 के नागरिकों से भेंट मुलाकात की। इस दौरान नागरिकों ने वार्ड में खाली जगह में ओपन जिम खोलने ध्यानाकर्षित कराया। उन्होंने कहा कि ओपन जिम खुलने से बच्चों के साथ ही युवा वर्ग इसका लाभ ले सकेंगे।
इसी तरह नागरिकों ने सिविल लाइन स्थित मस्जिद के सामने गार्डन को संवारने ध्यानाकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि गार्डन में झूले व फिसलपट्टी जर्जर स्थिति में है। गर्मी के दिनों में सुकून के लिए परिवार के साथ बच्चे गार्डन पहुंचते हैं लेकिन झूले व फिसलपट्टी खराब होने के कारण उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ता है। इसी तरह गार्डन के पास ही नाली की सफाई के लिए कवर तोड़ी गई थी वह अभी भी खुली अवस्था में है। जिससे गंदगी की स्थिति रहती है। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने उचित पहल करने का आश्वासन दिया। इसी तरह वार्ड 18 में धोबी कुआं के पास गंदगी पसरी रहती है। समझाने के बाद भी आसपास के लोग कचरा इसी स्थान पर फेंक देते हैं। नाली की सफाई में भी दिक्कतें आती है। इस कुएं के पास गली में लाइट नहीं होने से शाम के बाद से अंधेरा छा जाता है। लिहाजा महिलाएं इस गली से गुजरने से कतराती है।
जिस पर संसदीय सचिव श्री चंदाकर ने तत्काल इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए। कुछ महिलाओं ने दर्री तालाब में पचरी निर्माण की ओर ध्यानाकर्षित कराया। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने उचित पहल करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पार्षद अमन चंद्राकर, कमल प्रजापति, नीतेश श्रीवास्तव, ललित भार्गव, श्रीकांत नासरे, मेघा नासरे, भुनेश्वरी साहू, ईश्वरी साहू, सरस्वती साहू, रूखमणी कन्नौजे, रमेश कुमार, ब्रजेश चंद्राकर, देवेंद्र निषाद, जगन्नाथ सुनार, राजेश, पुष्पा धीवर, मधु धीवर, नितिन चंद्राकर, मनीषा बिसेन, देवा निषाद सहित वार्डवासी मौजूद थे।