महासमुन्द

बारिश, आंधी, तूफान, ओलावृष्टि से नुकसान रबी धान फसल की क्षतिपूर्ति राशि दिलाने भाजपा का धरना-प्रदर्शन
18-May-2023 3:40 PM
बारिश, आंधी, तूफान, ओलावृष्टि से नुकसान रबी धान फसल की क्षतिपूर्ति राशि दिलाने भाजपा का धरना-प्रदर्शन

कांग्रेस की सरकार किसान हितैषी है तो तत्काल फसल का आंकलन कर मुआवजा राशि प्रदान करे-सांसद 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 मई।
गत दिनों पटेवा क्षेत्र के अधिकांश गांवों में बिन मौसम बारिश,आंधी, तूफान, ओलावृष्टि से नुकसान हुये रबी धान फसल की क्षति पूर्ति राशि दिलाने सांसद चुन्नी लाल के नेतृत्व में भाजपाइयों ने धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद चुन्नीलाल साहू थे। 

उन्होंने धरना को संबोधित करते हुए कहा कि बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से किसान भाईयों की कमर टूट चुकी है। मैंने स्वयं कुछ गांवों में खेतों में कर देखा है। 80 से 90 प्रतिशत धान झड़ गया था। भारतीय जनता पार्टी किसानों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार किसान हितैषी है तो तत्काल फसल का आंकलन कर मुआवजा राशि प्रदान करें। 

उन्होंने क हा कि छग में चहुंओर भ्रष्टाचार है। इनके नेता भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने में मस्त हैं। इधर किसान पस्त है। ईडी के छापा मार कार्रवाईयों से कांग्रेस बौखला गई है। 
भाजपा जिला अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि जिन किसान भाइयों के दम पर भूपेश बघेल और उनकी सरकार सत्ता में बैठी है, उन किसानों की उन्हें चिंता नहीं है। किसानों को मुआवजा राशि प्रदान करने में शासन प्रशासन के लोग टाल मटोल कर रहे हैं। आने वाले चुनाव में किसानों के साथ कांग्रेस सरकार को सबक सिखाना है। उन्होंने कहा कि फसल का आंकलन कर मुआवजा राशि प्रदान करें। अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा। 

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर ने कहा कि बारिश एवं ओलावृष्टि किसानों के लिए आफत बन कर आयी है। किसानों को आगामी फसल की तैयारी करने में समय व धन ज्यादा लगेगा। भूपेश बघेल को चाहिए कि रबी धान का कर्ज सरकार माफ  करें।

महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष धरम पटेल, मंडल प्रभारी मोती साहू, पूर्व विधायक विमल चोपड़ा, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुबे लाल साहू जिला मंत्री धरमदास साहू, खेमराज बघेल, संपत पटेल, रामेश्वर पटेल, चंद्रशेखर पटेल ने भी संबोधित किया।
 


अन्य पोस्ट