महासमुन्द

दुग्ध उत्पादन में महासमुंद जिला राज्य में पहले स्थान पर
18-May-2023 2:45 PM
दुग्ध उत्पादन में महासमुंद जिला राज्य में पहले स्थान पर

 60 फ ीसदी दूध विकास निगम को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,18मई। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन के मामले में महासमुंद जिला पहले स्थान पर है। जहां पिछले कुछ वर्षों से दूध का उत्पादन अधिक हो रहा है। अकेले महासमुंद से ही 60 फीसदी दूध विकास निगम को जाता है। इसके लिए जिले में 133 सोसायटी के 6650 सदस्य कार्यरत हैं। छत्तीसगढ में प्रतिदिन उत्पादित होने वाले 65 हजार लीटर दूध में से जिले के सभी पांचों ब्लाकों से 30 हजार लीटर दूध जाता है। सोसायटियों का दावा है कि सरकारों द्वारा यदि दुग्ध व्यवसाय से जुड़े किसानों को आर्थिक मदद करे तो दुग्ध उत्पादन का अनुपात 10 प्रतिशत और भी बढऩे की संभावना है।

राज्य उद्यमिता विकास निगम ने जिले में दूध उत्पादन में सहयोग के लिए हाथ बढ़ाया है और निश्चित तौर पर यह पशुपालकों के लिए मददगार साबित हो रहा है। निगम की ओर से दुधारू पशु पालन करने के लिए लोन भी मुहैया कराई जा रही है। अधिकतम पांच लाख रुपए का लोन लेकर पशुपालक दुग्ध उत्पादन कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं। स्वीकृत लोन में अनुसूचित जाति, जनजाति को 33 और सामान्य वर्ग को 25 प्रतिशत छूट भी दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मिल रहा है। इस कारण लोगों का रूझान पशुपालन की ओर बढ़ता जा रहा है।

लगभग 70 हजार आबादी के इस शहर में रोजाना 15 हजार लीटर दूध की खपत होती है। घर के अलाना होटलों में बड़ी मात्रा में सुबह. शाम दूध की आपूर्ति आसपास के गांवों से होती है। इसके अलावा दुग्ध महासंघ को शहर से ही 5 हजार लीटर दूध अलग से जाता है। दुग्ध उत्पादन में महासमुंद जिले के अग्रणी होने का मुख्य वजह पोषक आहार हरा चारा हथियार साबित हो रहा है। विभाग ने हाईब्रिड नेपियर रूट देकर किसानों को इस क्षेत्र में आगे आने कह रहा है। अफसरों की बातें पशुपालक भी मान रहे हैं। अब तक दो लाख 41 हजार नेपियर रूट पशुपालकों को बांटा जा चुका है ।

विभागीय जानकारी के अनुसार दो साल पहले जिले में साढ़े तीन लाख लोगों के पास दुधारू पशु थे। अब 5 लाख 49119 लोगों के पास दुधारू पशु है। इनमें देसी, उन्नत और भैंस भी शामिल हैं। खासियत ये है कि इनमें से चुनिंदा सदस्य ही दुग्ध सोसायटियों से जुड़े हैं और राज्यभर में दूध की सप्लाई कर रहे हैं। पशुपालन विभाग के प्रयासों की बदौलत ही यह संभव हुआ है और जिला दुग्ध उत्पादन के मामले में राज्यभर में अलग पहचान बनाई है।

जिला दुग्ध सहकारी समिति के प्रमुख जनकराम पटेल, किसान भारत यादव, घनश्याम यादव, संतोष यादव ने बताया कि दुग्ध व्यवसाय को प्रमोट करने के लिए पूर्व में केंद्र सरकार द्वारा 3.75 लाख रुपए तथा राज्य शासन द्वारा 2.50 लाख रुपए सब्सिडी दी जा रही थी। लेकिन इस वर्ष केंद्र सरकार ने सब्सिडी समाप्त कर दी। फलस्वरूप अब उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इधर पशु आहार की कीमतों में उछाल है, सब्सिडी समाप्त है और दूध का दाम स्थिर है। जबकि जिले में कुल 133 समितियां है जिसमें 6650 दुग्ध उत्पादक किसान जुड़े हुए हैं। वहीं कुल 15 मिनी दुग्ध बीएमसी तथा 1 बड़ी शीत गृह है। जहां दूध की पर्याप्त आवक है। कोरोना काल के बाद से इस व्यवसाय में नए युवाओं ने भी रुचि दिखाई हैं।


अन्य पोस्ट