महासमुन्द
मुख्य आरोपी लड़ चुका है विस चुनाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 17 मई। स्थानीय वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार करते 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। आरोपियों के कब्जे से एक रायफल एवं 5 जिंदा कारतूस जब्त किए गए है। मुख्य आरोपी दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुका हैं।
घटना के संबंध में स्थानीय रेंजर जे के गंडचा ने बताया कि वन परिक्षेत्र पिथौरा के ग्राम भैंसामाड़ा बांध कक्ष क्रं. 231 के पास जो कि थाना पिथौरा जिला महासमुन्द से संबंधित है। इस क्षेत्र के खपराखोल परिसर के कक्ष क्रं. 231 के पास में मंगलवार की रात एक रायफल से जंगली सुअर का अवैध शिकार किये जाने की सूचना मुखबिर द्वारा वन विभाग को दी गई। जिस पर संज्ञान लेते हुए रात्रि 11.30 बजे घटना स्थल पर वन अमला पहुंचा।
घटना स्थल पर आरोपी रामप्रसाद पटेल (28 वर्ष) झुनगाबारी (पिलवापाली) महावीर यादव ( 27), कमलसिंग ध्रुव (34) झुनगाबारी (पिलवापाली), त्रिलोचन नायक (56) लिमदरहा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के बयान के अनुसार एक अन्य आरोपी सहनू यादव झुनगाबारी (पिलवापाली) फरार बताया जा रहा है। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।
मुख्य आरोपी त्रिलोचन नायक के पास से एक रायफल, 5 गोली, 2 हंसिया, 2 कुल्हाड़ी, 4 मोबाइल, मांस, एक गंज व ढक्कन, मांस, 2 बाईक जब्त किया गया।
मुख्य आरोपी लड़ चुका है विधानसभा चुनाव
शिकार प्रकरण का मुख्य आरोपी त्रिलोचन नायक क्षेत्र में लूँगीवाला के नाम से मशहूर है। जानकारों के अनुसार उसने अब तक दो विधानसभा चुनाव भी लड़ा है। इसमें एक बार बसपा एवं एक बार जोगी कांग्रेस ने उसे अपना प्रत्याशी बनाया था।