महासमुन्द

62 किसानों से लाखों की धोखाधड़ी करने वाले बाप-बेटों पर जुर्म दर्ज
17-May-2023 1:48 PM
62 किसानों से लाखों की धोखाधड़ी करने वाले बाप-बेटों पर जुर्म दर्ज

महासमुंद जिले के पिथौरा मंडी क्षेत्र का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 मई।
बासठ किसानों से 57 लाख की धोखाधड़ी करने वाले बाप-बेटों पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। महासमुंद जिले के पिथौरा मंडी क्षेत्र का मामला है।
   

ज्ञात हो कि महासमुंद जिला किसानों की बकाया भुगतान के मामले में पिछले पांच साल से सुर्खियों में है। हाल ही में महासमुंद के 57 किसानों को  करीब सवा करोड़ राशि मिलर की संपत्ति नीलाम कर भुगतान किया गया है, वहीं 15 मई को सांकरा थाना में 62 किसानों की ओर से कृषि उपज मंडी समिति पिथौरा के सचिव राकेश तिवारी ने पिता-पुत्रों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने लिखित आवेदन प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर पिता साधुराम साव और उनके 2 बेटे जसवंत साव, रोहित  साव के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
  

 उक्त आशय की जानकारी देते हुए किसान भुगतान संघर्ष समिति महासमुंद के संयोजक एवं जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर ने बताया कि कृषि उपज मंडी समिति पिथौरा क्षेत्र के किसानों से जसवंत साव, रोहित साव और साधुराम साव जो एक ही परिवार के हैं और पिता-पुत्र हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में रबी फसल धान को बाजार मूल्य से अधिक दाम में खरीदी कर 62 किसानों को 56,84,419 रुपए का भुगतान नहीं किया है।
62 किसानों ने मुख्यमंत्री,  कलेक्टर महासमुंद एवं सचिव कृषि उपज मंडी समिति पिथौरा को लिखित शिकायत कर कार्रवाई करते हुए बेचे गए धान की भुगतान राशि छप्पन लाख चौरासी हजार चार सौ उन्नीस रुपए प्रदान करने निवेदन किया  था।
      

किसानों के शिकायत आवेदन एवं उच्च अधिकारियों की निर्देश पर 62 किसानों के बयान और अनावेदकों द्वारा किसानों को दिए गए स्टाम्प के आधार पर मंडी सचिव द्वारा जांच कार्यवाही की गई और जांच प्रतिवेदन के आधार पर सांकरा थाना के उपनिरीक्षक दुलरसिंह यादव ने अनावेदकों के विरुद्ध फ र्जीवाड़ा का मामला पंजीबद्ध किया है।

 


अन्य पोस्ट