महासमुन्द

19 से शुरू होगा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर
15-May-2023 3:56 PM
 19 से शुरू होगा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर

महासमुंद, 15 मई। खेल का वातावरण बनाने एवं नए और नवोदित खिलाडिय़ों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर से बच्चे प्रारंभिक स्तर के खेल विधाओं की जानकारियों से अवगत होंगे जो उनके खेल कौशल में सहायक होगी। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर की तैयारी के सम्बन्ध में कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में कल कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिला खेल संघ और पदाधिकारियों की बैठक हुई। 

यह खेल प्रशिक्षण शिविर 19 मई  से शुरु होगा जो 17 जून तक चलेगा। खेल प्रशिक्षण शिविर जिला एवं ब्लाक मुख्यालयों में आयोजित किए जाएंगे। जिसमें बालिकाओं की सहभागिता पर विशेष जोर दिया जाएगा। कलेक्टर ने शिविर की तैयारी को  लेकर जरूरी दिशा.निर्देश दिए। बैठक में जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे सहित जिले के ओलम्पिक एशोसियेशन के अध्यक्ष, सचिव एवं जिले में संचालित खेल संघों के पदाधिकारी, व्यायाम शिक्षकों एवं क्रीडा प्रभारी तथा वरिष्ठ खिलाड़ी जिला खेल संघ, खिलाड़ी और पीटीआई उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने कहा कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए बालिकाओं को प्रोत्साहित करें। उनकी रुचि के अनुसार खेल का प्रशिक्षण दें। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को आबंटित राशि से खेल सामग्री एवं स्पोट्र्स किट्स क्रय करने के निर्देश दिए ताकि ब्लॉक लेवल पर भी एक परिसंपत्ति के तौर पर खिलाडिय़ों के लिए हमेशा उपलब्ध रहे। 

उन्होंने खिलाडिय़ों को खेल सामग्री एवं स्पोट्र्स किट्स प्रदाय किए। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराते हुए बेहतर आयोजन संपन्न कराने कहा। इस दौरान जानकारी दी गई कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में सब जूनियर व जूनियर वर्ग के बालक एवं बालिकाओं को शामिल किया जाएगा। प्रात:काल एवं संध्या सूर्यास्त होने के पश्चात दो-दो घंटे का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा जिसमें उपलब्ध संसाधन के आधार पर ओलंपिक में शामिल खेलों को सम्मिलित किया जाएगा।
 


अन्य पोस्ट