महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 मई। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के चार सहप्रभारी प्रदेश के दौरे पर हैं। कल प्रदेश सहप्रभारी एवं पंजाब से विधायक हरदीप मुंडिया महासमुंद पहुंचे थे। जिनका महासमुंद लोकसभा के कार्यकर्ताओं ने बड़े जोर-शोर के साथ कचहरी चौक में स्वागत किया। तत्पश्चात उन्होंने प्रेस को सम्बोधन किया एवं लोक सभा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में सहप्रभारी ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए जोर दिया। साथ ही विधानसभा चुनाव को लेकर संकल्प दिलाते हुए कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया।
उन्होंने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के लिए संकल्प के साथ काम करेंगे। बूथ स्तर तक मिलकर तैयारी करेंगे। चुनाव जीतना पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों के माध्यम से बूथ स्तर पर पार्टी से लोगों को जोडऩे का आह्वाहन किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब और दिल्ली सरकार के कामों को हर घर तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।
कल प्रदेश सहप्रभारी एवं पंजाब से विधायक हरदीप सिंह मुंडिया ने महासमुंद लोकसभा में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की सभी को विश्वास दिलाया कि छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर ने बताया कि सहप्रभारी ने महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद जिले के नई कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ वन.टू.वन किया। जिला प्रभारियों की बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई और चुनाव को गंभीरता से लेते हुए हर बूथ पर अपनी जीत सुनिश्चित करने की बात कही है। साथ ही कार्यकर्ताओं को दिल्ली और पंजाब सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में घर-घर जाकर हर मतदाता को बताने की बात कही।
उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि आप देश की सबसे यंग पार्टी है और 10 सालों के अंदर नेशनल पार्टी का दर्जा मिला। भारत की आजादी के बाद से ही देश में सिर्फ दो पार्टियां कांग्रेस और बीजेपी ने राज किया। लेकिन भ्रष्टाचार से तंग आकर देश के लोगों ने आम आमदी पार्टी को चुना। दो राज्य दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकार है।
प्रदेश सहप्रभारी हरदीप मुंडिया ने बैठक में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से कहा कि जिस तरह हमने दिल्ली, पंजाब, गोवा और गुजरात में काम किया, उसी तरह से छत्तीसगढ़ में भी काम करेंगे और जीतेंगे। जैसे हमने और पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मेहनत किया और दिल्ली.पंजाब में सरकार बनाई उसी तरह छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी गांव-गांव जाकर एक-एक व्यक्ति से मिलकर संगठन को मजबूत करेंगी। हमारी पार्टी जनता के मूलभूत सुविधाओं को लेकर उनके बीच में जाएगी और छत्तीसगढ़ के लोगों के हित के मुद्दे को उठाएगी। साथ ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, कुशासन व वादाखिलाफी को सामने लाएंगी। इस दौरान महासमुंद लोकसभा से पहुंचे आठ विधानसभा के पदाधिकारियों को संगठन को मज़बूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस दौरान उत्तम जायसवाल प्रदेश सचिव, गोपाल साहू वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अभिषेक जैन प्रदेश सह सचिव, संतोष चन्द्राकर लोकसभा अध्यक्ष, संजय यादव लोकसभा सचिव, भूपेंद्र चन्द्राकर जिलाध्यक्ष महासमुंद, तेजेंद्र तोड़ेकर जिलाध्यक्ष धमतरी, सियाराम ठाकुर जिलाध्यक्ष गरियाबंद, खिरोद पटेल जिला सचिव, शोभना यादव पार्षद, सेवाराम साहू, कैलाश जैन, कादिर चौहान, राकेश झाबक, सकील खान,आशीष वाकड़े, पूनाराम निषाद, रामदास, रुद्रसेन सिन्हा, श्रवन यादव,जयप्रकाश मिश्रा,टीकम राणा, मुनुदाऊ सागर, केशव पटेल, रामदयाल पटेल, भूषण सिन्हा, कोमल खुसरो के साथ अन्य आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी मौजूद थे।