महासमुन्द

बरसों से अदालतों का चक्कर काट रहे सैकड़ों पक्षकारों के लिए 13 मई राहत लेकर आया
14-May-2023 3:18 PM
बरसों से अदालतों का चक्कर काट रहे सैकड़ों पक्षकारों के लिए 13 मई राहत लेकर आया

जिले भर में 24 खंडपीठों के माध्यम से 1302 मामलों का निराकरण हुआ 

4 करोड़ साढ़े 87 लाख रुपए के अवार्ड पारित किए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 मई।
बरसों से अदालतों का चक्कर काट रहे सैकड़ों पक्षकारों के लिए कल 13 मई 2023 शनिवार का दिन राहत लेकर आया। सुलह, समझाइश के बाद निराकृत मामलों के दोनों पक्ष के लोगों के चेहरे खिल उठे। नेशनल लोक अदालत के लिए जिले भर में 24 खंडपीठों के माध्यम से कल 1302 मामलों का निराकरण हुआ तथा 4 करोड़ 87 लाख 29 हजार 645 रुपए के अवार्ड पारित किए गए।

जानकारी अनुसार खंडपीठों में प्री.लिटिगेशन के 29 एवं राजस्व न्यायालयों के कुल 4394 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसी तरह विभिन्न न्यायालयों में लंबित सिविल वाद, दांडिक मामले, मोटर दुर्घटना दावा, चेक अनादरण के मामले आदि कुल 1302मामलों का सुनवाई पश्चात सुलह व समझौता के आधार पर निराकरण किया गया। इनमें 48729645 रुपए के अवार्ड पारित किए गए।

मालूम हो कि कल देशभर में उच्चतम न्यायालय से लेकर तहसील स्तर तक के न्यायालयों में एक साथ हाईब्रिड नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया था। आयोजन हेतु काफी दिनों से अनवरत तैयारी की जा रही थी और पक्षकारों को नियत सुनवाई दिनांक के पूर्व राजीनामा हेतु नोटिस प्रेषित कर प्री.सीटिंग कर राजीनामा करने हेतु प्रोत्साहित किया गया था।
कल का दिन ग्राम भुरका निवासी एक नागरिक के लिए बड़ा अच्छा रहा। लोक अदालत में उसकी चिंता का निवारण हो गया। खंडपीठ क्रमांक. 9 के समक्ष प्री लिटिगेशन संबंधी बैंक ऑफ बड़ौदा महासमुंद का एक प्रकरण प्रस्तुत किया गया था। प्रकरण में अनावेदक पक्ष द्वारा वर्ष 2006 में उक्त बैंक से 6 लाख रुपए का कर्ज लिया गया था। लेकिन इसकी जिम्मेदारी उसके नाती पर आ गई थी। खंडपीठ में सुलह और समझौते के आधार पर कर्ज की राशि अब 1.50 लाख रुपए में सेटलमेंट कर वर्षों से लंबित मामले का निराकरण किया गया। 

इसी तरह खंडपीठ क्रमांक.2 में पति-पत्नी के अलग होने का 2022 से लंबित मामला आया। मामले में पीठासीन अधिकारी ने दोनों को समझाइश दी। इससे प्रेरित होकर पति.पत्नी साथ रहने के लिए राजी हो गए। दोनों की आपसी सहमति से राजीनामा के आधार पर मामले का निराकरण किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरणं के सचिव दामोदर प्रसाद चंद्रा ने बताया कि प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश भीष्मप्रसाद पांडेय के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय महासमुंद, तहसील पिथौरा, सिविल न्यायालय सरायपाली, उपभोक्ता फोरम, श्रम एवं राजस्व न्यायालयों सहित 24 खंडपीठों का गठन किया गया था। आयोजन में अधिवक्तागण एवं न्यायालय के कर्मचारियों का सहयोग रहा।
 


अन्य पोस्ट