महासमुन्द

खेत में ट्रांसफार्मर, आए दिन ब्लैक आउट
14-May-2023 3:16 PM
खेत में ट्रांसफार्मर, आए दिन ब्लैक आउट

आवेदन को दो माह बीते, मौका मुआयना तक नहीं 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 मई।
विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम सिंघोड़ा के एक मोहल्ले में विद्युत सप्लाई करने वाला ट्रांसफार्मर खेत में स्थित है। ग्रामीणों ने इसे यहां से हटाने के लिए पंचायत का एक प्रस्ताव बनाकर बिजली विभाग को सौंपा है, लेकिन दो माह बाद भी इस ट्रांसफार्मर को अन्यत्र विस्थापित नहीं किया गया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

ग्राम सिंघोड़ा में रविदास पारा का ट्रांसफ ार्मर मिट्टी वाले खेत में स्थापित किया गया है। आए दिन इस ट्रासंफार्मर से बिजली चली जाती है। इससे ब्लैक आउट स्थिति निर्मित होने के साथ ही पेयजल भी समस्या उत्पन्न हो जाती है। मोहल्ले में पेयजल के लिए केवल एक बोर है, जो बिजली चलित है।

सरपंच कुसुमलता अशोक मिरी का कहना है कि पिछले बरसात के समय यह ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। जिसके कारण पंद्रह दिनों तक मोहल्ले में ब्लैक आउट रहा। मच्छर, सांप, बिच्छु से लोग परेशान रहे। किसी तरह विभाग के कर्मचारियों ने इस ट्रांसफार्मर को सुधारा, लेकिन एक फेस ही बिजली सप्लाई हुआ और अभी तक यही स्थिति है। अब ग्रामीण लो वोल्टेज से परेशान हैं।

उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग को पंचायत प्रस्ताव सहित इस ट्रांसफार्मर को अन्यत्र विस्थापित करने के लिए लिखित आवेदन दिया गया है, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी मौके का मुआयना तक नहीं कराया गया है। यहां के ग्रामीणों की मांग है कि बरसात के पूर्व टांसफार्मर को अन्य जगह विस्थापित किया जाये। 
इस संबंध में एई श्री अरोरा से सम्पर्क करने पर उन्होंने ठेकेदार से कहकर मौके का सर्वे कराने की बात कही है। 
 


अन्य पोस्ट