महासमुन्द
कहा-सभी दिव्यांगों को मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 मई। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने समाज कल्याण विभाग द्वारा शहर के टाउन हॉल में आयोजित मेगा शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरण के साथ ही दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किया। साथ ही राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत हितग्राहियों को चेक भी वितरित किया।
कल गुरूवार को टाउन हाल में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में मेगा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर थे। अतिथि के रूप में अतिथि के रूप में कलेक्टर निलेश क्षीरसागर, नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे,पार्षद शोभना यादव, पवन पटेल, लता कैलाश चंद्राकर, खिलावन बघेल मौजूद थे।
संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभांरभ किया। बाद इसके दृष्टिहीन बच्चों ने शानदार गीत प्रस्तुत की। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि भूपेश सरकार नि:शक्तजनों को सशक्त बनाने और उन्हें समाज एवं विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है। प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देकर उसका लाभ उठाने प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की तरक्की और विकास के लिए समान अवसर प्रदान करने वाले एक समावेशी समाज के निर्माण का विजन तैयार करना है ताकि वे समाज में उपयोगीए सुरक्षित और सम्मानित जीवन जी सकें। इस अवसर पर प्रमुख रूप से समाज कल्याण विभाग महासमुंद की उपसंचालक संगीता सिंह, तिर्की मैडम, अनिल कोसरिया, विजय सिन्हा, घनश्याम चंद्राकर, भारती साहू, तारिणी चंद्राकर, निरंजन साहू, रेखराज चौहान, अमित सक्सेना,श्री सोनबेर, चंद्रमणि चंद्राकर,शिव कोसरे, श्री महंती आदि मौजूद थे।
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने अपने उद्बोधन में कहा कि दिव्यांगता किसी तरह का बाधक नहीं है।
यदि आप मानसिक रूप से मजबूत हैं, तो दिव्यांगता आड़े नहीं आती। उन्होंने कहा कि वास्तव में दृष्टिकोण व्यापक होना चाहिए। दिव्यांगजन यदि ठान ले तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मेगा शिविर के माध्यम से जिले के दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया गया है।
मेगा शिविर को नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल ने भी उद्बोधन दिया।
उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने बताया कि इस शिविर में 35 दिव्यांगजनों को 35 विभिन्न जरूरी कृत्रिम अंग सहायक उपकरण प्रदाय किए गए। इनमें ट्रायसायकल 7 नग, श्रवण यंत्र 22, व्हील चेयर 3, सीपी चेयर 2 एवं एक मोटराइज्ड ट्रायसायकल शामिल है। इसके अलावा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना अंतर्गत 16 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया। जिसमें नगर पालिका महासमुंद अंतर्गत 10 हितग्राहियों को जनपद पंचायत अंतर्गत 6 हितग्राहियों को चेक प्रदान किया गया है।