महासमुन्द
पानी के लिए ग्रामीणों को घंटों इंतजार
कई गांवों के नलकूप से लाल पानी निकल रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 मई। भीषण गर्मी में लगातार घट रहे जलस्तर के चलते जिला मुख्यालय सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों हैंडपंप दम तोड़ चुके हैं। अनेक हैंडपंप दम तोडऩे की कगार पर हैं। कई गांवों में नलकूप से जंक युक्त पानी निकल रहा है और बहुत से गांवों में हैंडपंप मात्र शो पीस बना हुआ है। हाल ही में कुछ ब्लॉकों में हैंडपंप से निकल रहे पानी में फ्लोराइट की मात्रा पाई गई और इसका उपचार भी किया गया है।
जिले के गांव मोंगरा की बात करें तो यहां लगभग 2 हजार से ज्यादा की आबादी है। गांव में पिछले साल भी पानी की समस्या हुई थी। यहां के ग्रामीण बताते हैं कि गांव में 10 हैंडपंप हैं। इनमें से 3 पंप सूखे पड़े हैं। तीन चल नहीं रहे। बचे पंप भी अब जवाब दे रहे हैं। दो गुंडी पानी के लिए ग्रामीणों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
सरकारी आंकड़ों पर जाएं तो इस गांव में 16 हैंडपंप हैं। जिसमें से 3 बंद है और 13 हैंडपंप चालू हैं। हालांकि इसी ग्राम के एक मोहल्ले में एक पुराने कुएं की वजह से निस्तारी संकट नहीं है। जिले में हैंडपंपों की तादात अधिाकतरिक रूप से कुल 11 हजार 765 हैं। इसमें 11 हजार 482 हैंड पंप चालू हैं। 363 हैंडपंप बंद हैं। इस बंद हैंडपंपों में 136 सुधारने लायक हैं। 36 ड्राई हैं और 111 बंद हो चुके हैं।
जिले के पीएचई मुख्यालय से मिली जानकारी अनुसार जल स्तर नीचे चले जाने से 363 हैंडपंप प्रभावित है। सप्ताह भर पूर्व हुई बारिश की वजह से व नहर पानी सप्लाई से कुछ राहत जरूर मिली थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से पुन: तेज गर्मी की वजह से स्थिति पूर्ववत हो चुकी है। हालांकि हमारे पास मोबाइल वाहनों के माध्यम से जहां भी हैंडपंप खराब होते हैं उसे त्वरित सुधारा जाता है। जिले में 8-10 हैंडपंपों में फलोराइट की मात्रा है। उसे शासन के आदेशानुसार उपचार किया जा रहा है।
जिले के मचेवा, बरोंडा सहित बम्हनी तक यही स्थिति है। यहां भी जमीन का वॉटर लेवल नीचे चले जाने की वजह से समस्याएं बढ़ी हुई हैं। तालाबों का पानी सूख चुका है। ग्रामीण रबी फसल वाले खेतों में, लगे नलकूपों पर ले जाकर पशुओं की प्यास बुझा रहे हैं। ग्रामीणों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी है।
ग्रामीणों के मुताबिक गर्मियों में पशुओं की प्यास बुझाने के लिए गांव के तालाब सबसे उपयुक्त साधनों में गिने जाते हैं। जिनमें पानी भरने के पहले हर वर्ष खुदाई एवं सफाई का काम सरकार द्वारा कराया जाता है। इस वर्ष आधी गर्मी निकल गई। अगर समय रहते तालाबों में पानी के पुख्ता इंतजाम न किए गए तो पेयजल की समस्या बढ़ सकती है।
विकासखंड के अभिलेखों की मानें तो राजस्व गांव में 166 तालाब दर्ज हैं। जिसमें लगभग 45 तालाब सूखे पड़े हैं तथा 11 तालाब जलकुंभी या कूड़ा करकट से पटे पड़े हैं। अकेले जिला मुख्यालय महासमुंद में कुल 9 तालाब है। जिसमें महामाया तालाब, गुरु तालाब, बंधवा तालाब, टामकी, बांधा, दलदली तालाब, इमलीभांठा तालाब शामिल हैं। इनमें से आधे से अधिक तालाबों में जल स्तर कम हो चुका है। इन सभी तालाबों में अब भी लोग निस्तारी करते हैं।
जिला मुख्यालय में महामाया तालाब के बाजू ही बोर होने की वजह से पिछले कुछ वर्षों से यहां का पानी नहीं सूखता। लेकिन पानी का रंग जरूर बदल जाता है। इस तरह गर्मी तेज होने के साथ जिले भर के सैकड़ों हैंडपंप का जल स्तर कम हो चुका है। अनेक तालाब सूखने की कगार पर है, अनेक हैंडपंप लाल पानी दे रहा है।