महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मई। रायपुर से बरगढ़ रेल लाईन के निर्माण को लेकर महासमुंद लोकसभा सांसद और बरगढ़ रेललाईन निर्माण समिति सरायपाली की बैठक हुई है। इस बैठक में कहा गया कि इससे महासमुंद जिले के अधिकांश क्षेत्रों, पश्चिम ओडिशा के नगरवासियों के लिए यह रेलनिर्माण वरदान साबित होगी। इसके निर्माण से औद्योगिक, ट्रांसपोर्टिंग, यात्रियों के आवागमन की सुविधाओं के साथ-साथ बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार की सुविधाएं होंगी।
रायपुर बरगढ़ रेललाईन निर्माण समिति सरायपाली के समन्वयक दिलीप गुप्ता ने जानकारी दी है कि रेलमार्ग निर्माण हेतु अभी तक विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों का आयोजन किया गया है। आगामी दिनों में सांकरा, पिथौरा, झलप, पटेवा व तुमगांव में बैठक आयोजित कर इसे जन आंदोलन के रूप में परिवर्तित किये जाने हेतु बैठकों का दौर प्रारम्भ होगा। विगत 6 मई को बरगढ़ में तथा इसे विस्तार देते हुए 9 मई को बसना में महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें बसना, सांकरा, पिथौरा, सरायपाली, सोहेला व बरगढ़ के काफी संख्या में लोग उपथित हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु इस रेल लाईन का निर्माण आवश्यक है। एन के भोई, गिरिजेश खडंगा, बलवीरसिंह ठाकुर, कृष्णचन्द्र पंडा, रामकृष्ण मेहर, सत्यनारायण पंडा, गोपाल शर्मा ने संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए कहा कि रेल निर्माण हेतु जमीन राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। इस हेतु मुख्यमंत्री मिलकर स्थिति से अवगत कराते हुए सरकार से भी सहयोग मांगा जायेगा। मुख्यमंत्री भुपेश बघेल से रायपुर-बरगढ़ रेललाईन निर्माण हेतु शासकीय संकल्प पत्र व प्रस्ताव पास किये जाने हेतु अनुरोध किया जायेगा। ताकि रेलनिर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सके।
उन्होंने कहा कि रेलनिर्माण हेतु कोई राजनीति का सहारा लिए बगैर सरकार से चर्चा की जायेगी। राज्य के परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के साथ साथ महासमुंद जिले के सभी चारों विधायकों से भी प्रस्ताव पास किये जाने हेतु मुलाकात कर सहयोग मांगा जायेगा। इस दौरान रायपुर बरगढ़ रेललाईन निर्माण संघर्ष समिति के समन्वयक दिलीप गुप्ता ने समिति के अभी तक के गतिविधियों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि देवेंद्र बहादुर सिंह विधायक बसना, देवेश आचार्य विधायक बरगढ़, जय नारायण मिश्रा विधायक संबलपुर, सुशांत सिंह मंत्री ग्रामीण विकास ओडिशा, रूपकुमारी चौधरी पूर्व विधायक व संसदीय सचिव बसना, खल्लारी विधायक व संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव का समर्थन प्राप्त हुआ है।
इन सभी समर्थन पत्रों को सांसद चुन्नीलाल साहू के नेतृत्व में पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल के सहयोग से समिति के सदस्यों द्वारा दिल्ली जाकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को मांगपत्र के रूप में सौंपा जाएगा। इस अभियान को और विस्तार दिए जाने हेतु भगतराम वाधवा व अभिमन्यु जायसवाल को बसना, कृष्ण कुमार साहू को सांकरा व स्वप्निल तिवारी को पिथौरा क्षेत्र के लिए प्रभारी बनाया गया है। बहुत जल्द ही वहां समिति का गठन कर जन सहयोग प्राप्त किया जायेगा।
आगामी बैठक 28 मई को सरायपाली में रखी जायेगी। समिति में सदस्य जोड़ो अभियान के तहत सोहेला व बरगढ़ के अनेक युवाओं को सदस्यता प्रमाणपत्र सांसद चुन्नीलाल साहू के हाथ प्रदान किया गया। उक्त बैठक में डॉ एन के अग्रवाल, रामलाल चौहान पूर्व विधायक, अनिल अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, अखिलेश भोई, रघुवीर श्रीवास्तव, अनूप बंसल, सेवक दास दीवान,महेंद्र सिंह, प्रदीप दास राजन सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।