महासमुन्द

स्कूल, शिक्षक के अलावा घर-परिवार के वातावरण ने उन्हें आगे बढऩे में काफी सहयोग किया...
11-May-2023 2:56 PM
स्कूल, शिक्षक के अलावा घर-परिवार के वातावरण ने उन्हें आगे बढऩे में काफी सहयोग किया...

10वीं बोर्ड की परीक्षा में टॉप टेन में जगह बनाने वाले महासमुंद के बच्चों से बातचीत  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 मई।
कक्षा दसवीं टॉप टेन में अपना स्थान बनाने वाले सभी पांच होनहार बच्चों ने ‘छत्तीसगढ़’से फोन पर अपनी बातें साझा की है और कहा है कि स्कूल, शिक्षक के अलावा घर-परिवार के वातावरण ने उन्हें आगे बढऩे में काफी सहयोग किया। ये बच्चे आगे चलकर देश डाक्टर, इंजीनियर और आईएएस की डिग्री हासिल कर लोगों की सेवा करना चाहते हैं। इन्होंने कहा है कि जो बच्चे पढ़ाई में ध्यान देते हैं, उनका ध्यान शिक्षक रखते हैं और घर आकर परिवार के साथ मिले वातावरण से आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती है। परिवार से मिली परवाह सबसे ज्यादा हौसला देता है। 

मालूम हो कि बुधवार को घोषित सीजी 10वीं बोर्ड के जिले की चार छात्राएं और एक छात्र ने टॉप टेन में जगह बनाई है। 
पापा काम की वजह से भले ही ज्यादा समय न देते हों पर मां का ध्यान हमेशा मेरी सेहत और पढ़ाई पर रहता है-स्मृति 
स्मृति साहू कहती हैं-पापा जी काम की वजह से भले ही ज्यादा समय न देते हों पर मां का ध्यान हमेशा मेरी सेहत और पढ़ाई पर रहता है। ज्यादा पढ़ाई करने से मां टोंकती भी है कि थोड़ा आराम करो, खेलो कूदो। स्कूल में भी शिक्षकों का ध्यान मुझ पर रहता है।

मां एक -एक चीज का हिसाब रखती है, पढ़ाई के वक्त भी ईर्द-गिर्द घूमते रहती हैं-बिंदिया
बिंदिया प्रधान कहती है कि मां एक -एक चीज का हिसाब रखती है। पेन, कापी, किताबें, सब कुछ उनकी नजर में होता है। पढ़ाई के वक्त भी ईर्द-गिर्द घूमते रहती हैं। स्कूल में भी टीचर्स उन बच्चों का हमेशा ख्याल रखते हैं जो पढ़ाई में ध्यान देते हैं। मुझे पढ़ाई में किसी तरह की कोई परेशानी होती है, तो घर और स्कूल में उसका हल मिल जाता है। 

घर लौटते ही पापा पूछते हैं पढ़ाई कैसे चल रही है-अमिषा 
अमिषा पटेल बताती हैं-घर लौटते ही पापा पूछते हैं पढ़ाई कैसे चल रही है? मां उन्हें सब कुछ बता देती हैं। क्योंकि मां को सब कुछ पता रहता है। परिवार में या दोस्तों के साथ घूमने फिरने के लिए भी समय निर्धारित कर रखा है मां ने। मां पापा पढ़ाई से कभी भटकने नहीं देते। 

स्कूल और घर दोनों ही जगहों पर पढ़ाई के लिए माहौल बनता है-त्रिभुवन
त्रिभुवन स्वामी जायसवाल कहते हैं-पापा जी बहुत फास्ट हैं। मां बहुत देखभाल करती हैं। जब भी जरूरत हो, पापा तत्काल हाजिर हो जाते हैं। पढऩे के लिए मार्गदर्शन भी देते हैं। स्कूल और घर दोनों ही जगहों पर पढ़ाई के लिए माहौल बनता है। आज जो रिजल्ट है, उसमें उन्हीं दोनों स्थानों का आशीर्वाद है।

बस एक ही बात होती है, 100 प्रतिशत एफर्ट लगाना है-रश्मि  
रश्मि प्रधान कहती हैं कि घर होया स्कूल, दोनों स्थानों पर जब भी पढ़ाई का समय होता है, कूल ही होता है। पढऩे के लिए स्पेशल स्पेस मिलता है। कोई टोंकाटांकी नहीं। बस एक ही बात होती है, 100 प्रतिशत एफर्ट लगाना है। 

जिले के कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षा 2023 का परीक्षा परिणाम कल सुबह जारी हुआ। 10वीं बोर्ड की परीक्षा में महासमुंद जिले की पांच विद्यार्थियों ने टॉप 10 में स्थान प्राप्त किया। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने जिले के सभी उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने बच्चों से आगे भी ऐसे ही परीक्षा परिणाम लाने की उम्मीद जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी पांचों बच्चे जिले के सरायपाली ब्लॉक के हैं। इनमें तीन विद्यार्थी स्मृति साहू और अमिषा पटेल एवं छात्र त्रिभुवन स्वामी जायसवाल एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंडा और एक छात्रा बिंदिया प्रधान शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल किसड़ी तथा एक छात्रा रश्मि प्रधान केजी कॉन्वेंट स्कूल से है।

मालूम हो कि जिले में कक्षा 10वीं के लिए 13 हजार156 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जिनमें 12 हजार 846 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 3984 छात्र और 5647 छात्राएं उत्तीर्ण हुई। इनमें पांच विद्यार्थियों ने टॉप 10 में जगह बनाई। इसी प्रकार जिले में कक्षा 12वीं में 12 हजार 660 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें 12 हजार 513 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिसमें 4246 छात्र और 5804 छात्राएं उत्तीर्ण हुई। जिले का 12वीं का परीक्षा परिणाम 80.38 प्रतिशत रहा। वहीं 10वीं का परीक्षा परिणाम 74.97 प्रतिशत रहा।

कक्षा 10वीं में एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंडा की छात्रा स्मृति साहू ने प्रावीण्य सूची में 7वां स्थान प्राप्त किया है। स्मृति ने 600 अंक में 584 अंक हासिल कर 97.33 प्रतिशत अंक अर्जित किया है। महासमुंद क्षेत्र के शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय किसडी की छात्रा बिंदिया प्रधान ने 97.17 अंक हासिल कर मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त किया है। इसी तरह एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंडा की छात्रा अमीषा पटेल ने 97.17 प्रतिशत अंक लेकर मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त किया है। इसी स्कूल के छात्र त्रिभुवन स्वामी जायसवाल ने भी 97.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त किया है। सरायपाली क्षेत्र के केजी कान्वेंट स्कूल की छात्रा रश्मि प्रधान ने 96.83 प्रतिशत अंक हासिल कर मेरिट लिस्ट में 10वें स्थान पर जगह बनाई है। रश्मि ने 600 अंकों में से 581 अंक प्राप्त किया है। 


अन्य पोस्ट