महासमुन्द

दंपत्ति ने इलाज कर रहे डॉक्टर के नाम पर रखा नवजात का नाम
09-May-2023 3:13 PM
दंपत्ति ने इलाज कर रहे डॉक्टर के नाम पर रखा नवजात का नाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 मई। महासमुंद के एक डॉक्टर और मरीज के बीच ऐसा लगाव हुआ कि दंपत्ति ने इलाज कर रहे डॉक्टर के नाम पर अपने नवजात का नाम रख लिया।  बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम में पदस्थ डॉ. अमित अग्रवाल और उनकी पत्नी डॉ. भारती बताते हैं कि ग्राम परसकोल निवासी सुदामा साहू अपनी गर्भवती पत्नी गीता साहू को प्रसव के लिए लाया था। गर्भावस्था की शुरुआती दौर से ही इसी अस्पताल में जच्चा का इलाज चला और बच्चे के जन्म से पहले ही दोनों ने अपने नवजात का नाम डॉक्टर के नाम पर ही रखने का एलान कर दिया।

 उनका कहना था कि यदि अगर लडक़ा होता तो अमित और लडक़ी होती है तो भारती नाम रखेंगे।  प्रसव के दौरान गीता को बेटा हुआ तो तत्काल उसे अमित नाम दे दिया गया। तोहफे  में डॉ. अमित ने भी दंपत्ति को इलाज का पैसा माफ कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक यह प्रसव सीजेरियन ऑपरेशन से हुआ था। सब कुछ सकुशल हुआ। 

डॉ.अमित अग्रवाल को बाद में इस बात की जानकारी मिली कि नवजात का नाम उनके नाम पर रखा गया है तो वे नवजात के माता-पिता से मिले और असप्ताल का खर्च माफ कर दिया।

डॅक्टर ने अपने नाम के इस नवजात को आजीवन नि:शुल्क इलाज करने का वादा भी किया है।


अन्य पोस्ट