महासमुन्द
15 ने कल ज्वाइन किया, शेष कतार में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मई। मेडिकल कॉलेज बनने के बाद से नर्सेस की कमी झेल रहे जिला अस्पताल में साक्षात्कार के बाद कलेक्टर दर पर 20 नर्सों को काम पर रखा गया है। इनमें से 15 नर्सों ने कल से ड्यूटी शुरू कर दी है। जबकि जिला मुख्यालय से 150 से 170 किलोमीटर की दूरी पर रहने वाली नर्सेस ने 1-2 दिन का समय मांगा है। इस तरह 1-2 दिन के बाद शेष नर्सेस भी ड्यूटी ज्वाइन करेंगी।
दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद अब 177 स्टाफ नर्सों, 205 वार्ड बाय सहित 516 अन्य कर्मचारियों की भर्ती का रास्ता भी खुल गया है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने 177 नर्सों को लेकर पूर्व में ही व्यापमं को जानकारी भेज दिया था। कल कलेक्टर दर पर अस्पताल आई नर्सों को सीनियर नर्सेस ने विभिन्न विभागों पर कार्य पर लगा दिया है।
जानकारी अनुसार महासमुंद मेडिकल कॉलेज की ओर से नर्सिंग स्टॉफ 1 भी नहीं है। ऐसे में जिला अस्पताल की नर्सों से जैसे-तैसे काम चलाया जा रहा है। जिला अस्पताल में 61 नसें थीं। लेकिन इनमें जिला अस्पताल में पदस्थ मात्र 44 नर्से ही काम पर आ रही है। शेष नर्से अवकाश पर हैं। फलस्वरूप अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की देखभाल ठीक तरह से नहीं हो पा रही है। वर्तमान में 44 नर्सों के भरोसे ही डिकल कॉलेज की पूरी चिकित्सा नवस्था टिकी हुई है। इन नर्सों को भी आए दिन किसी वीआईपी ड्यूटी में लगा दिया जाता है।
यहां ऑपरेशन थियेटर, मेडिसिन, पीडियाट्रिक, एनसीयू, मेटरनिटी, आई वार्ड आदि वार्डों में 3-3 नर्सों की आवश्यकता होती हैं। स्कीन, मनोरोग, आर्थों की ओपीडी नर्सेस की कमी की वजह से शुरू नहीं हो पा रही थी। लेकिन अब इसे शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही इंजेक्शन रूम, डिलवरी रूम में भी वर्क लोड़ थोड़ा कम होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज बनने के पूर्व तक यहां महज 60 से 70 प्रसव होते थे। लेकिन मेडिकल कॉलेज बनने के बाद से यहां प्रति माह 300 की जाती है। प्रत्येक वार्ड में 20 से 30 बेड हैं। एक नर्स अधिकतम 5 मरीजों का ही ठीक तरह से ध्यान रख सकती है। लेकिन यहां प्रत्येक नर्स 40 मरीजों को देख रही हैं। मेडिकल कॉलेज के साथ ही यहां 516 नर्सिंग वार्ड बाय तथा अन्य स्टाफ का प्रस्ताव भेजा गया था। इनमें से सभी पर स्वीकृति भी मिल चुकी थी। लेकिन, आरक्षण की वजह से भर्ती पर रोक लगी हुई थी।