महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मई। महासमुंद पुलिस अधीक्षक की थाना सरायपाली टीम ने नकली 25 हजार नोट के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 500 रुपए का 38, 50 रुपए के 130 नोट बरामद किये गए हंै। थाना प्रभारी सरायपाली आशीष वासनिक को 5 मई को मुखबिर के जरिए इसकी जानकारी मिली थी।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि मुखबिर से मिलने ग्राम छिबर्रा निवास धर्मेंद्र प्रधान अपने साथी बद्री उर्फ नरेंद्र पटेल एवं भागीरथी बाघ के साथ आया था। धर्मेंद्र प्रधान ने मुखबिर को 500 और 50 का नोट दिखाकर बताया कि उसके और उसके साथियों के पास काफी मात्रा में नकली नोट है, जो असली नोट के जैसे दिखता है। आरोपियों ने मुखबिर को साथ लेकर इसे मार्केट में खपाने का प्रपोजल रखा था। लेकिन मुखबिर ने इस काम में देश का अहित मानते हुए खुद को संलिप्त नहीं किया और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
जिस वक्त पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, उस वक्त आरोपी अपने दो साथियों के साथ एक प्लास्टिक के थैले में 500 और 50 के नोट का बंडल अपने पास रखे हुए थे और किसी के आने का इंतजार कर रहे थे। तीनों व्यक्ति दुकान के बाहर खड़े थे, तभी पुलिस ने वहां दबिश दी। पुलिस को देखते ही दो लोग फरार हो गए और एक आरोपी पकड़ा गया। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम धर्मेंद्र प्रधान (32 ) ग्राम छिबर्रा थाना सरायपाली है।
आरोपी का थाना बसना में भी नकली सोना खपाने का पूर्व में भी अपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। थाना सरायपाली में आरोपी के खिलाफ धारा 489, 34 भादवि कायम कर कायम कर आरोपी को ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा गया है। फरार अन्य 2 आरोपियों की पता तलाश जारी है।