महासमुन्द

दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर हड़ताली सचिवों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश
06-May-2023 3:02 PM
दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर हड़ताली सचिवों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश

महासमुंद, 6 मई। बीते 19 दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे पंचायत सचिवों वैकल्पिक सचिवों को पंचायत से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर उनके विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश जारी हुआ है। पहले भी प्रशासन ने वैकल्पिक सचिवों को पंचायत का प्रभार सौंपने बाबत् पत्र हड़ताली सचिवों को भेजा था। लेकिन उन्होंने इसे लेने से मना किया था। 

मालूम हो कि शासकीयकरण की मांग को लेकर पंचायत सचिव 16 मार्च से बाहर खरोरा में हड़ताल पर बैठे हुए हैं। हड़ताली सचिवों का क्रमिक भूख हड़ताल जारी है। लंबे समय तक हड़ताल चलने के कारण गांवों में शासकीय योजनाओं पर बुरा असर पड़ा है तथा पंचायत संबंधी कार्यों के लिए ग्रामीणों को भटकना पड़ रहा है। 

अत: गांवों का कामकाज सुचारू ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन ने हड़ताली सचिवों की पंचायतों का प्रभार दूसरे सचिवों को सौंप दिया था। लेकिन पंचायत सचिव कार्यालय की चाबी हड़ताली सचिवों के पास होने के कारण प्रभारी सचिवों को प्रभार नहीं मिल पा रहा है। इससे गांवों की समस्याएं सुलझ नहीं पा रही है। प्रभारी सचिवों ने पंचायत में जाकर उपस्थिति दी और प्रभार लेने की कोशिश भी की थी। लेकिन सरपंचों ने उन्हें बताया कि कार्यालय की चाबी हड़ताली सचिवों के पास ही है। 

इसे देखते हुए पंचायतों के कार्यों के सुचारू संचालन हेतु जिल सीईओ ने कल समस्त सरपंचों को पत्र लिखा है। पत्र में लिखा है कि हड़ताली सचिवों द्वारा पंचायत संबंधी दस्तावेज वजह से प्रभारी सचिवों को बिना प्रभार लिए लौटना पड़ा। यदि अब भी प्रभारी सचिवों को दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराये जाते हैं, तो हड़ताली सचिवों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।


अन्य पोस्ट