महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 मई। पुलिस ने पांच आरोपियों से 250 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत 63 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी है कि जनवरी 2023 से आज तक चार महीने में 8 करोड़ का गांजा एवं 1 करोड़ के लग्जरी वाहन जब्त किया है और 81 लोगों को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को सिंघोड़ा थाने की टीम ने लग्जरी जायलो कार से 150 किलो ग्राम एवं एवं थाना बसना में कार से 100 किलो ग्राम कुल 250 किलो ग्राम कीमती लगभग 63 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है । इस मामले में बिहार एवं महाराष्ट्र के 5 अन्तरराज्जीय गांजा तस्कर गिरफ्तार हुए हैं।
आज दोपहर एक बजे आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन में फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर वाहन के नीचे गुप्त चेम्बर बनाकर, डिक्की में छुपाकर गांजा ले जा रहे थे। यह थाना सिंघोड़ा, बसना एवं सायबर सेल की संयुक्त कार्रवाई है।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक ओडिशा का गांजा महासमुंद के रास्ते देश के अन्य राज्यों में पहुंचाये जाते हैं। इस तस्करी को रोकने ओडिसा राज्य में मुखबिरों को सक्रिय करने एवं परिवहन की सूचना प्राप्त करने के निर्देशित किया गया है।
कल के दोनों प्रकरणों में से पहले प्रकरण में रेहटीखोल सिंघोड़ा बॉर्डर में वाहन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग दौरान बरगढ़ ओडिशा की तरफ से एक सफेद रंग की बिना नम्बर वाली जायलो कार महासमुंद की ओर आते दिखी। उक्त वाहन को घेराबंदी कर रोका गया। जिसमें रमन कुमार यादव उम्र 24 वर्ष जिला आरा बिहार और ब्रजेश यादव उम्र 22 वर्ष मोफसिल जिला आरा बिहार बैठे थे।
तलाशी के दौरान बिना नम्बर जायलो कार के पीछे डिक्की में चार प्लास्टिक बोरी मिले। जिसे खोलकर देखने पर अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। जिसे तौल करने पर कुल 6 प्लास्टिक बोरी में 150 किलो ग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमती 37 लाख 50हजार रुपए मिले। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाना से और उत्तर प्रदेश, बिहार ले जाना बताया। दोनों के विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस के तहत थाना सिंघोड़ा में कार्रवाई की गई है।
दूसरे प्रकरण में थाना बसना में कल ही एक मारुति स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में गांजा का परिवहन करते तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। सिटी ग्राउण्ड के पास बसना में संदिग्ध वाहनों की चेकिग जारी थी तभी पदमपुर ओडिशा की तरफ से एक मारुति स्विफ्ट में 3 व्यक्ति आते दिखे। रोककर पुछताछ करने पर वाहन चालक ने अपना नाम सोहेल हबिब पठान, उम्र 22 वर्ष जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र, दूसरे व्यक्ति ने शशिकांत खांबट, उम्र 25 वर्ष सा. बवरू थाना सेवगांव जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र एवं तुषार गोकुल बडे, उम्र 22 वर्ष सा. दुर्गामाता मंदिर भिलवडे थाना पाथर्डी जिला अहमदनगर महाराष्ट्र का निवासी बताया।
वाहन की तलाशी के दौरान मारुति स्विफ्ट के पीछे डिक्की में चार प्लास्टिक बोरी में 100 किलो ग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला।
वाहन में अवैध गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 100 किलो ग्राम कीमती 25 लाख रुपए, मारूति स्विफ्ट कार कीमती 4 लाख रुपए, नगदी रकम 500 रुपए कुल जुमला कीमती 29.00,500 रुपए जब्त किया गया।
आरोपियों के विरूद्ध अपराध / धारा 20 (ख) एनडीपीएस के तहत थाना बसना में कार्रवाई की गई है।