महासमुन्द

गांजा मामले में दो लोगों को 11-11 साल की सजा
05-May-2023 3:18 PM
गांजा मामले में दो लोगों को 11-11 साल की सजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मई।
मादक पदार्थ गांजा के अवैध परिवहन के मामले में एनडीपीएस के विशेष न्यायाधीश लीलाधर सारथी ने दो आरोपियों को 11-11 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई एवं 1-1 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर एक-एक वर्ष का सश्रम कारावास पृथक से भुगतना होगा। 

अभियोजन के अनुसार 17 अक्टूबर 2020 को पटेवा थाना द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान सरायपाली की ओर से आ रही मारूति सुजुकी एसएक्स 4 कार को रोककर चेक किया जा रहा था। ड्रायवर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम हनीसिंह पालीवाल निवासी बिलकी जिला जालंधर तथा बगल में बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम दीपक पाल ग्राम चितवा जिला दतिया मध्यप्रदेश बताया था। वाहन चेक करने पर पीछे सीट के बॉक्स एवं वाहन के पीछे डिक्की में अवैध मादक पादर्थ 40 किलो गांजा मिला। दोनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत गिरफ्तार कर विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा गया था। 
 


अन्य पोस्ट