महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मई। महासमुंद मेडिकल कॉलेज में अब कलेक्टर दर पर नर्सों की नियुक्तियां की जा रही है। यहां कुल 20 नर्सें कलेक्टर दर पर रखे जाएंगे। बीते 3 दिनों से मेडिकल कॉलेज में नर्सों का इंटरव्यू लिया गया है। कुल 20 नर्सों में 15 के आसपास नर्सें इंटरव्यू दे चुकी हैं। इन्हें आगामी सोमवार से काम पर बुलाया गया है। वहीं शेष 5 नर्सों की और भी व्यवस्था की जा रही है। यहां पूर्व में कलेक्टर दर पर काम करने कुछ नर्सों ने बायाडोटा जमा किया था। जिन्हें संपर्क कर बुलाया जा रहा है।
कलेक्टर दर पर नर्सों की भर्ती के बाद यहां पिछले 6 माह से चल रही अव्यवस्थाओं में सुधार आने की संभावनाएं हैं। मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज बनने के बाद से यहां मरीजों की संख्या में 3 गुणा वृद्धि हुई और काम में भी इजाफा हुआ। लेकिन नर्सों की भर्ती नहीं होने की वजह से पूर्व से कार्यरत नर्सों पर काम का दबाव अधिक पड़ रहा था।
जानकारी अनुसार जिला अस्पताल में डिलवरी वार्ड में कुल 6 नर्सों की आवश्यकता है। लेकिन 1 ही नर्स काम सम्हालती है। ऐसे में सीनियर नर्सों पर अधिक भार पड़ रहा था। मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज बनने के बाद यहां कुल 176 नर्सिंग स्टाफ के पद स्वीकृत हुए। लेकिन इनमें से किसी की भर्तियां नहीं हो पाई है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल की नर्सों से काम ले रहा है।
पूर्व में जिला अस्पताल में 61 नर्सें थीं। वैसे तो यहां कुल 237 नर्स होना चाहिए। लेकिन जिला अस्पताल में मात्र 44 नर्स ही काम पर आ रही हैं और शेष अवकाश पर हैं। अब मेडिकल कॉलेज में पर्मानेंट नर्सों की भर्ती प्रक्रिया इसी माह शुरू होने के आसार हैं। चर्चा है कि आरक्षण को लेकर ही भर्ती प्रक्रिया अटकी थी। अब इससे राहत मिल गई है। ऐसे में यहां ली जाने वाली 177 नर्सों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो सकती है।
मेडिकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट डॉ.बसंत माहेश्वरी के मुताबिक जब तक पर्मानेंट नर्सों की भर्ती नहीं हो जाती तब तक यहां कलेक्टर दर पर 20 नर्सें रखी जा रही है। काम कर रहीं नर्सों पर अधिक काम का बोझ था। ऐसे में 44 नर्सों के भरोसे ही मेडिकल कॉलेज की पूरी चिकित्सा व्यवस्था टिकी हुई है। इन्ही नर्सों को वीआईपी सम्हालना पड़ रहा था और अस्पताल ड्यूटी में भी ड्यूटी लगा दिया जाता था। मरीजों के इलाज और देखभाल के लिए कॉलेज की स्थिति और भी अव्यवस्थित हो जाएगी। मालूम हो कि ऑपरेशन थियेटर कॉलेज के हालात इतने गंभीर है कि मेडिसिन, पीडियाट्रिक, एसएनसीयू में नर्स ही मरीजों को देख रही है। ऐसे मेटरनिटी, आई वार्ड आदि प्रमुख वार्डों में नर्सों की आवश्यकता रहती है। लेकिन इसका खामियाजा कई बार मेडिकल कॉलेज में प्रत्येक नर्सों को भुगतना पड़ता है।