महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 मई। संसदीय सचिव व विधायक विनोद चंद्राकर ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनावी घोषणा के तहत बेरोजगारों के लिए जो भत्ता देने का ऐलान किया था, उसे पूरा किया है। बेरोजगारी भत्ता की योजना से युवाओं के स्वावलंबन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश का बजट 24 मार्च को पारित हुआ और 1 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन लेना शुरू किया गया। जिले सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में बेराजगार युवाओं ने भत्ते के लिए आवेदन किया। जिसमें राज्यभर से पात्र हुए 67 हजार बेराजगारों को रविवार 30 अप्रैल को 25 सौ रुपए उनके खातों में अंतरित की। भत्ता मिलने पर संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जो वादे किए थे उसे पूरा कर दिया है।
संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि भूपेश सरकार युवाओं के साथ है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा युवाओं की प्रतिभा को तराशने ओर उन्हें संगठित कर उपयुक्त मंच के माध्यम से उनकी ऊर्जा का उपयोग कर नवा छत्तीसगढ़ गढऩे की रही है। इसी उद्देश्य के साथ युवाओं को संगठित कर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में अलग-अलग राजीव युवा मितान क्लब की स्थापना की गई है। इसका क्रियान्वयन अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।