महासमुन्द

रक्सा गांव में जमीन विवाद को लेकर बलवा
04-May-2023 3:54 PM
रक्सा गांव में जमीन विवाद को लेकर बलवा

आरक्षकों से मारपीट, पुलिस गाड़ी में पथराव भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 मई। महासमुंद जिले में सिंघोड़ा थाने के अधीन ग्राम रक्सा में जमीन पर कब्जे को लेकर 5 दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई है। गांव के मधु प्रसाद नामक व्यक्ति पर स्कूल, शमशान घाट, तालाब व मंदिर के करीब 13 एकड़ शासकीय भूमि पर कब्जा का आरोप लगाते हुए उसके घर पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस उनके दौरान घर पर पथराव भी किया गया। मधु प्रसाद का पूरा परिवार घर में बंद है।

गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस मामले में मधुप्रसाद पटेल का कहना है कि उक्त जमीन उसके दादा परदादा के जमाने से उसके कब्जे में और रिकॉर्ड में दर्ज है। वहीं ग्रामीणों का कहना है की उक्त भूमि शासकीय है।

मधु प्रसाद का परिवार दहशत में है और अपने घर में बंद है। इसकी सूचना पर समझाने गई डायल 112 की टीम पर भी ग्रामीणों ने हमला कर दिया। वाहन में लगे शीशे को पत्थर मारकर तोड़ दिया है। इससे एक पुलिस जवान को चोटें आई है। घायल आरक्षक संजय यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सिंघोडा लायन 01 में 112 वाहन क्रमांक सीजी 037065 में तैनात है। बीते 1 मई को सूचना पर चालक सूरज बरिहा एवं आरक्षक गिरीश भोई के साथ ग्राम रक्सा गया था। गाड़ी जैसे ही गांव पहुंची, अज्ञात 8 व 10 महिला पुरुष लाठी डंडा लेकर वाहन के पास पहुंचे और हमला बोल दिया। इस दौरान पथराव भी किया गया। चालक भीड़ देखकर गाड़ी को पीछे कर रहा था उसी समय भीड़ गाड़ी के पास पहुंची थी और गाड़़ी में सवार आरक्षक बाहर आकर ग्रामीणों को समझाने लगे थे। उसी समय अज्ञात लोगों ने डंडे से मारपीट करते हुए पथराव किया। इससे वाहन के सामने के कांच को डंडे से तोडक़र नुकसान पहुंचाया गया है। गांव वालों ने भी जांच में पहुंचे इन आरक्षकों को लेकर शिकायत दर्ज की है।

इस मामले में सरपंच व ग्रामीणों ने थाने आकर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है और कहा है कि एसडीएम से आश्वासन मिला है कि 12 दिनों में इस मामले का निराकरण किया जाएगा। यदि 12 दिनों में निराकरण नहीं किया गया तो गांव में उग्र आंदोलन करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम सरायपाली हेमंत रमेश नंदनवार ने बताया कि गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक की जा रही है। मामले को सुलझा लिया गया है।


अन्य पोस्ट