महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मई। बदली, बारिश और बीच में हुई ओलावृष्टि के चलते तेंदुपत्ता तोड़ाई यानी संग्रहण का काम आगे बढ़ गया है। तेंदुपत्ता व्यापारियों ने साफ कर दिया है कि वे अब मौसम खुलने का इंतजार करेंगे। इस सीजन में जिले की सभी 75 समितियों के तेंदुपत्ता विक्रय से करीब 74.19 करोड़ का राजस्व अपेक्षित है। अमूमन मई के 3-4 तारीख तक जिले में तेंदुपत्ता संग्रहण शुरू हो जाता है। इस हिसाब से जिले में तैयारी पूरी कर ली गई है। लेकिन रोजाना बदली और बारिश के चलते तथा आने वाले दिनों में भी अंधड़, तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने की मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए तेंदुपत्ता व्यापारियों ने तोड़ाई की तारीख आगे बढ़ा दी है।
जिला लघु वनोपज यूनियन के उप प्रबंध संचालक श्री बंजारे ने बताया कि तेंदुपत्ता संग्रहण को लेकर जिले में तेंदुपत्ता खरीदने वाले व्यापारियों की बैठक कार्यालय में ली गई। बैठक में व्यापारी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि बारिश और कम तापमान में तेंदुपत्तों की तोड़ाई या संग्रहण नहीं किया जाता। तोड़ाई के बाद 50-50 पत्तों का 1-1 बंडल बनाकर फड़ों में सूखने के लिए रखा जाता है। इन्हें सूखने के लिए धूप और खुला मौसम चाहिये। बारिश व कम तापमान में बंडल बनाकर रखने से पत्ते सडऩे लगते हैं। इससे व्यापारियों के साथ-साथ वनोपज यूनियन को भी भारी आर्थिक नुकसान होता है।
मालूम हो कि इस बार विभिन्न राज्यों के 18 व्यापारियों ने निविदा में भाग लेकर तेंदुपत्तों उपस्थित थे। जबकि अन्य राज्यों के अनेक व्यापारी ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए। व्यापारियों ने पिछले दिनों से जारी बदली और बारिश के मौसम का उल्लेख करते हुए तथा आने वाले दिनों में भी ऐसी ही संभावनाओं को देखते हुए फिलहाल संग्रहण का कार्य शुरू करने में असमर्थता दिखाई है।