महासमुन्द

पिटियाझर-श्रीराम कॉलोनी में वेलनेस सेंटर बनाने अब तक जगह नहीं मिली
03-May-2023 2:35 PM
पिटियाझर-श्रीराम कॉलोनी में वेलनेस सेंटर बनाने अब तक जगह नहीं मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 मई। शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए शहर में 4 स्थानों पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण किया जाना है। लेकिन विभाग को अब तक पिटियाझर तथा श्रीराम कॉलोनी में वेलनेस सेंटर के लिए स्थान नहीं मिल सका है। जबकि मौहारीभांठा और गुडरूपारा में काम शुरू किया जा चुका है। मौहारीभांठा में जिस स्थान पर भवन का निर्माण किया जा रहा है। उसके ठीक उपर हाइटेंशन तार गुजरने की वजह से कार्य की गति धीमी हो गई है। मोहल्लेवासियों की आपत्ति की वजह से अब तक यहां स्थान का भी चयन नहीं हो सका है।   

जानकारी अनुसार शासन द्वारा अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर निर्माण के लिए एक करोड़ 48 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। प्रत्येक अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए 37-37 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। उक्त राशि में से 25 लाख रुपए का इंफ्रास्ट्रक्चर व 12 लाख रुपए दवाइयों में खर्च किया जाना है।

मालूम हो कि इस सेंटर में गरीब और निचली बस्ती के लोगों को मोहल्ले में ही स्वास्थ्य सुविधाएं और दवाइयां मुहैया कराना है। 15 वें वित्त आयोग से मंजूरी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू करने भवन निर्माण कार्य मौहारीभाठा व गुडरूपारा में प्रारंभ हो गया है। मौहारीभांठा में भवन निर्माण लगभग पूर्णता की ओर है। वहीं, गुडरूपारा स्थित वेलनेस सेंटर का आधा हिस्सा तालाब के जमीन पर बन रहा है।


अन्य पोस्ट