महासमुन्द

महासमुंद नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष ने लगाई नवोपज यूनियन के जिला अध्यक्ष पर मारपीट का आरोप
02-May-2023 4:05 PM
महासमुंद नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष ने लगाई नवोपज यूनियन के जिला अध्यक्ष पर मारपीट का आरोप

कहा-परिवार के जान को भी खतरा है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 मई। महासमुंद जिला वनोपज यूनियन के अध्यक्ष प्रमोद चंद्राकर पर भाजपा नेता प्रकाश चंद्राकर ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कल एक चंद्रनाहू कुर्मी समाज के जिला अध्यक्ष राहुल चंद्राकर, प्रेम चंद्राकर के साथ पत्रकार वार्ता लेकर जानकारी दी है कि परसों 30 अप्रैल की शाम प्रमोद चंद्राकर ने बगैर किसी कारण उनको बेरहमी से पीटा है। प्रकाश चंद्राकर ने कहा-मेरे तथा मेरे परिवार को प्रमोद से जान का खतरा है। मेरे घर में भी पत्थर फेंके गए हैं।

उन्होंने जानकरी दी कि 30 अप्रैल 2023 दिन रविवार को चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज रायपुर राज का दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन ग्राम पारागांव महानदी के समीप चंद्रनाहू समाज के परिसर में आयोजित था। इसमें मैं विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित था। चंद्रनाहू समाज के अधिवेशन में मैंने अपने विचार रखा। सभा के बाद हम सामाजिक बन्धु उसी स्थान पर थे कि प्रमोद चंद्राकर महासमुंद निवासी अचानक पहुंचे और गाली गलौच करते हुए मुझ पर हमला किया। चूंकि मैं समाज का आमंत्रित सदस्या था इसलिए समाज के पदाधिकारियों ने इस हमले को समाज पर हमला मानते हुए आरंग थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराया।

प्रकाश चंद्राकर ने बताया-मैं आरंग थाने में था और मुझे परिवार ने फोन पर जानकारी दी कि अज्ञात लोगों ने घर में पत्थरबाजी कर हमला हुआ है। मारपीट की रिपोर्ट तो आरंग थाने में करा दी गई है लेकिन मैंने महासमुंद थाने में जाकर अपने परिवार तथा खुद की सुरक्षा की मांग पुलिस से की है। आरंग थाने में आरोपी के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज है।

प्रकाश चंद्राकर का कहना है कि मेरे घर के गेट को खोलकर पत्थरबाजी की गई है। इससे मेरा परिवार भयभीत है। मैं खुद भी अब जान का खतरा महसूस कर रहा हूं। पूर्व में भी आरोपियों पर इसी तरह के कई मामले थानों में दर्ज है। अत: मुझे और मेरे परिवार की सिक्युरिटी पुलिस प्रशासन से चाहिए।

गौरतलब है कि रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र के पारागांव में चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज का दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन का कार्यक्रम चल रहा था। इसमें दूसरे दिन रविवार को महासमुंद नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

इस दौरान कांग्रेस के अलावा भाजपा के सदस्य भी काफी संख्या में शामिल थे। इस घटना को लेकर चंद्रनाहू कुर्मी समाज काफी नाराज है। समाज के लोगों ने इसे लेकर नाराजगी व्यक्त की है। इस मामले में चंद्रनाहू शिक्षण मिति के जिला अध्यक्ष राहुल चंद्राकर ने कहा है कि सामाजिक रूप से आरोपी पर कठोर कार्रवाई होगी।

यहां बताना जरूरी है कि फरियादी प्रकाश चंद्राकर महासमुंद नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष हैं। इन्हें कार्यकाल पूरे हुए बगैर कांग्रेस समर्थकों ने विधायक विनोद चंद्राकर की रणनीति के तहत पद से हटा दिया था।

वहीं प्रमोद चंद्राकर वर्तमान में जिला वनोपज यूनियन के अध्यक्ष और विधायक विनोद चंद्राकर के भाई हैं। छत्तसीगढ़ से प्रमोद चंद्राकर ने फोन पर कहा-अधिवेशन में सभी उपस्थितजनों के सामने प्रकाश चंद्राकर ने मेरे परिवार की बेइज्जती की है। उन्होंने सीधा आरोप लगाया है कि विधायक परिवार ने समाज की जमीन पर अवैध कब्जा किया है। जबकि हमारा परिवार हमेशा से समाज के प्रति समर्पित ही रहा है। यह बात मुझे नागवार गुजरी तो मैं प्रकाश चंद्राकर से कहा कि वैचारिक मतभेद अलग बात है लेकिन समाज के सामने परिवार की बेइज्जती अनुचित है। इसका प्रूफ क्या दोगे, जब हमने कुछ किया ही नहीं है? इस पर प्रकाश चंद्राकर ने कहा-जो कहना था कह दिया, मेरी मर्जी। इस पर मुझे गुस्सा आया और मैंने उन पर हाथ उठा दिया।


अन्य पोस्ट