महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 मई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल बेरोजगारी भत्ता योजना का शुभारंभ किया। महासमुंद के पौने 3 हजार पात्र हितग्राहियों को ढाई हजार रुपए प्रतिमाह बेरोजगाारी भत्ता मिलेगा।
यहां कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में वीसी के माध्यम से संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, बीज अनुसंधान केंद्र के संचालक दाऊलाल चंद्राकर, कलेक्टर निलेश क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ एस आलोक सहित, अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू, रोजगार अधिकारी एवं बेरोजगारी भत्ता योजना के पात्र युवक-युवतियां मौजूद थे।
इस अवसर पर संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने पात्र हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि अब पुस्तक व अन्य खर्चों के लिए माता-पिता पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। युवा का अब अपने छोटे सपने और जरुरतों को पूरा कर पाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इस योजना के संचालन से निश्चित ही बेरोजगार युवकों के मन में उत्साह है।
मालूम हो कि जिले में बेरोजगारी भत्ता के लिए कुल 5 हजार 378 आवेदकों ने ऑनलाइन आवेदन किये हैं। जिनमें से कुल अनुशंसित 3643 आवेदन है। स्वीकृत आवेदनों की संख्या 2797 आवेदन है।
यहां वीडियो कांफ्रेंसिंग में मौजूद ग्राम खैरा के प्रदीप चंद्राकर एवं मनीष ध्रुव ने बताया कि वह पढ़े लिखे हैं और रोजगार की तलाश में हैं। ऐसे समय में मुख्यमंत्री द्वारा बेरोजगारी भत्ता प्रति माह ढाई हजार रुपए स्वीकृत करना हमारे लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि आज खाते में पैसा जारी हो गया है।
इसी तरह महासमुंद की आरती चंद्राकर और खैरा की पूजा बंजारे ने भी बताया कि कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करके रोजगार का रास्ता प्रशस्त करेंगे। आरती ने कहा कि वे इस पैसे से कोचिंग की व्यवस्था करेंगे और पुस्तकें खरीदेंगे। इन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है।