महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अप्रैल। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में प्राचार्य प्रो. डॉ अनुसुइया अग्रवाल के निर्देशानुसार अजय कुमार राजा विभागाध्यक्ष वाणिज्य संकाय के नेतृत्व में 24 अप्रैल से 6 मई तक प्रतिदिन 8 से 11 बजे तक 12 दिवसीय वैल्यू ऐडेड कोर्स संचालित हो रहा है। जिसका विषय वाणिज्य के क्षेत्र में विविध आयाम है। इस वैल्यू ऐडेड कोर्स में प्रतिदिन अजय कुमार राजा विभागाध्यक्ष, राजेश्वरी सोनी सहायक प्राध्यापक, मनबोध चौहान, सहायक प्राध्यापक मनीषा प्रधान, परवीन करीम और गुप्तेश नामदेव अतिथि व्याख्याता वाणिज्य की उपस्थिति में वक्ताओं का स्वागत बैच लगाकर किया गया।
कोर्स के प्रथम एवं द्वितीय दिवस पर महेश मक्कड़ विकास अधिकारी भारतीय जीवन बीमा निगम महासमुंद ने अपने व्याख्यान में बीमा कल, आज और कल विषय पर जानकारी देते हुए जीवन बीमा के महत्व को बताया। तृतीय एवं चतुर्थ दिवस पर मुख्य वक्ता राजेश कुमार सोनी जीवन बीमा अभिकर्ता ने भारतीय जीवन बीमा की संगठन व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए जीवन बीमा की कार्यप्रणाली एवं जीवन बीमा की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया।
अभिषेक बहादुर एबीएम भारतीय जीवन बीमा निगम महासमुंद ने संप्रेषण कौशल के संदर्भ में छात्रों से चर्चा कर उन्हें महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। वासुदेव पंसारी शाखा प्रबंधक भारतीय जीवन बीमा निगम महासमुंद ने बीमा के क्षेत्र में एजेंसी में कैरियर की संभावनाओं को समझाया। कल 28 अप्रैल को वैल्यू ऐडेड कोर्स के पांचवें दिन के मुख्य वक्ता गजेंद्र साहू थे।
वे भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में सहायक महाप्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। अपने व्याख्यान में उन्होंने बैंकिंग के क्षेत्र में प्रवेश की प्रक्रिया का वर्णन करते हुए छात्र छात्राओं को इस क्षेत्र में आने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पीपीटी प्रेजेंटेशन के द्वारा छात्रों को रिजर्व बैंक के कार्यों एवं नीति निर्माण में योगदान आदि विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन एम कॉम द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा डॉली चंद्राकर ने किया। एमकॉम द्वितीय सेमेस्टर के छात्र उदित बरडिय़ा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। वैल्यू ऐडेड कोर्स में एमकॉम द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के समस्त छात्र छात्राएं उपस्थित थे।