महासमुन्द
संसदीय सचिव ने राजस्व अमले को दिए क्षतिपूर्ति राशि के लिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 29 अप्रैल। विगत दिनों मौसम में परिवर्तन के चलते भारी बारिश हवा तूफान और ओलावृष्टि हुई है। जिसके चलते किसानों को भारी नुकसान हुआ और फसल भी चौपट हो गई।
और जब खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के किसानों ने अपनी यह करुण गाथा संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव के समक्ष रखी तो उन्होंने तत्काल बागबाहरा के तहसीलदार को बागबाहरा स्थित विधायक कार्यालय में बुलाकर ओलावृष्टि के कारण हुई फसलों की क्षति की जानकारी मांगी एवं 2 दिनों के भीतर किसी भी स्थिति में सर्वे करके तत्काल मुआवजा राशि सुकृत करने हेतु राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया।
साथ ही संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव ने कोमाखान तहसीलदार एवं पिथौरा तहसीलदार को भी इस समस्या से अवगत कराते हुए 2 दिनों के भीतर सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा मुआवजा राशि स्वीकृत कराने के निर्देश दिए हैं। पत्रकारों से चर्चा के दौरान संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव ने बताया कि बागबाहरा तहसील अंतर्गत लगभग 12 गांव के 419 से भी अधिक किसानों को इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के चलते क्षति पहुंची है, जिसके लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित कर दिया गया है।