महासमुन्द

कंचनपुर उचित मूल्य दुकान सेल्समेन के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत
26-Apr-2023 2:19 PM
कंचनपुर उचित मूल्य दुकान सेल्समेन के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 अप्रैल। महासमुंद के कंचनपुर में कई हितग्राही ऐसे हैं, जिन्हें उचित मूल्य की दुकान में तीन माह से चावल-शक्कर नहीं दिया गया है। सैकड़ों महिलाएं कल कलेक्टर से शिकायत करने महासमुंद पहुंची थी। महासमुंद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश खाद्य विभाग को दिए हैं।

शिकायत करने पहुंचीं उर्वशी पटेल ने बताया कि उसे तीन महीने का चावल, शक्कर और नमक नहीं दिया गया है। दुकान जाने पर सेल्समैन पुर्णिमा चौहान दूसरे दिन आने की बात कहती है। दूसरे दिन जाने पर आज बाहर जा रही हूं कहते हुए दूसरे दिन आना कहकर भगा देती है। ग्रामीण महिला उर्वशी ने बताया कि पहले भी सेल्समैन पूर्णिमा चौहान ने शक्कर वितरण में गड़बड़ी की थी। उनके द्वारा एक कार्ड में एक किलो शक्कर चढ़ाकर आधा किलो ही शक्कर दिया जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई लोगों को तीन महीने का चावल नहीं मिला है। इनका आरोप है कि सेल्समैन पूर्णिमा चौहान हितग्राहियों को रात को अपने घर बुलाकर थंब इंप्रेशन लेती हैं। शासन के नियमानुसार केंद्र सरकार से अक्टूबर और नवम्बर में अतिरिक्त  5 किलो चावल मिलना था, लेकिन नहीं मिला।


अन्य पोस्ट