महासमुन्द

ओडिशा दौरे से लौटते समय गरियाबंद होते हुए महासमुंद पहुंचे आईजी आरिफ
25-Apr-2023 7:04 PM
ओडिशा दौरे से लौटते समय गरियाबंद होते हुए महासमुंद पहुंचे आईजी आरिफ

जिले के कप्तान, साथी अफसरों के साथ मिलकर बातचीत की  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अप्रैल।
कल शाम रायपुर रेंज के आईजी पुलिस आरिफ  शेख ओडिशा दौरे से लौटते समय गरियाबंद से होते हुए महासमुंद पहुंचे।  महासमुंद के सर्किट हाउस में उनके स्वागत के लिए जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, एएसपी आकाश राव समेत जिले के तमाम थाना प्रभारी, सायबर सेल के प्रभारी मौजूद थे। आईजी ने अपने मातहत अधिकारियों से बातचीत के दौरान पुराने सभी पेंडिंग मामले का निपटारा शीघ्रतापूर्वक करने कहा। उन्होंने महासमुंद जिला पुलिस और सायबर सेल के द्वारा गांजे पर लागतार हो रही कार्रवाई पर जिला पुलिस की प्रशंसा की।

आईजी ने ओडिशा प्रांत से लगातार हो रही गांजे की तस्करी पर महासमुंद पुलिस की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए पिछले दिनों खल्लारी पुलिस और साइबर सेल की टीम द्वारा 125 किलो गांजे के साथ एक पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस लेकर 4 तस्करों की गिरफ्तारी की प्रशंसा की। जिले में महिला थाने की मांग संबंधी पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि  इस हेतु व्यवस्था बनाई जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने पुलिस को साप्ताहिक अवकाश की घोषणा के  लिए भी विभाग तैयारी कर रहा है। 

महासमुंद के नक्सली जिले में शामिल होने के बाद भी महासमुंद पुलिस को नक्सली भत्ता नहीं मिलने जैसे सवालों पर उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था तैयार होगी जिसमें सभी को लाभ मिल सकेगा। आईजी आरिफ  शेख के सर्किट हाउस पहुंचते ही पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने अपनी टीम के साथ उनका गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।

इसके बाद आई जी ने जिले के पुलिस के अधिकारियों और मातहत अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, एसडीओपी मंजुलता बाज, डीएसपी राजेश देवांगन, डीएसपी प्रेम साहू, साइबर सेल प्रभारी नसीम उद्दीन खान पुलिस के जवान के साथ सर्किट हाउस में उपस्थित थे। 


अन्य पोस्ट