महासमुन्द
अटल टिंकरिंग लैब के बाल वैज्ञानिक छात्राओं की विज्ञान प्रदर्शनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 25 अप्रैल। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिथौरा के अटल टिंकरिंग लैब के बाल वैज्ञानिक छात्राओं द्वारा कार्यशाला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने लैब प्रभारी जी एम साहू के मार्गदर्शन में आर्डिनो यूनो, पीआईआर सेंसर , आईआर सेंसर, ब्लूटूथ मॉड्यूल, सॉइल मॉइश्चर सेंसर और रैन ड्रॉप सेंसर से संबंधित अनेक प्रकार के प्रोजेक्ट तैयार किए जिसमें से होम ऑटोमेशन ,आर्टिफियल लाइट ,स्मार्ट लाइट , ड्राई क्लीनर ,एग्रीकल्चर ऑटोमैटिक वाटर सप्लाई , स्मार्ट हैंड वाश , पेट्रोल स्कैम जैसे दर्जनों प्रोजेक्ट प्रस्तुत किये। इतना ही नहीं बल्कि जितने भी प्रोजेक्ट बनाए गए हैं उसे एक साकार रूप देकर उसे दैनिक जीवन में उपयोगी योग्य बनाने का कार्य किया जा रहा है ताकि उसकी गुणवत्ता एवम दक्षता का परीक्षण किया जा सके जैसे कि प्रोजेक्ट ब्लूटूथ के जरिए लैब के लाइट और पंखे इत्यादि को कनेक्ट कर मोबाइल के माध्यम से 15 मीटर की दूरी से ऑन ऑफ करना, अपने घर के लाइट की कलर को मोबाइल के जरिए चेंज करना इत्यादि।
प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि प्रथम वर्ग न्यायाधीश प्रतीक टेम्भुलकर एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर महिला बाल विकास विभाग पर्यवेक्षक श्रीमती लाल एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारिका पटेल , अध्यक्ष प्रेस क्लब पिथौरा रजिन्दर खनूजा, शिक्षक अरुण देवता रहे।
सभी ने ‘वैज्ञानिक, मॉडल और आधुनिक जीवन’ विषय पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को प्रेरणा वक्तव्य दिया। संस्था के प्रभारी प्राचार्य श्री बरिहा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम का संचालन समग्र शिक्षा के व्यावसायिक शिक्षक जीके डड़सेना ने किया। धन्यवाद ज्ञापन ए एस् पटेल ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ व्याख्याता शंकर गोयल, ए एस खान, दिलीप साहू, समेत सभी शिक्षकों का सहयोग , विद्यालय परिवार के विद्यार्थियों की उपस्थिति में प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय प्रथम वर्ग न्यायाधीश प्रतीक टेम्भुलकर ने कहा कि उन्होंने सभी मॉडल अवलोकन कर देखा कि छात्राओं ने दूरदृष्टि से मॉडल तैयार किये है। श्री टेम्भुलकर ने कहा कि सेंसर सिस्टम के मॉडल सराहनीय है, इससे लोगों के बीच से अंधविश्वास दूर होगा। लोग विज्ञान पर भरोसा करने लगेंगे। इस तरह के मॉडल विकसित कर ही देश से अंधविश्वास को दूर किया जा सकता है।
उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए आगे भी आम जरूरत के अनुसार बच्चे मॉडल बनाये, यही सच्ची देश सेवा होगी।

