महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अप्रैल। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कांपा, कृषि विज्ञान केंद्र महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में अक्ती तिहार एवं माटी पूजन का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र भलेसर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने की। विधायक ने माटी पूजन किया। इसके बाद कृषक एवं कृषक महिलाओं के साथ अक्ती तिहार के बारे में विस्तृत रूप से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान इंदिरा गांधी कृषि विवि रायपुर में चल रहे अक्ती तिहार का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कृषि विज्ञान केंद्र में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने शपथ ग्रहण किया। कृषक संगोष्ठी के दौरान उन्नत बीजों की उन्नत खेती के बारे बताते हुए किसानों को फलदार आम, जामुन, सीताफल आदि पौधों का वितरण किया।
प्रबंध मंडल इंदिरा गांधी विश्व विद्यालय रायपुर से पहुंचे अतिथियों ने उन्नत तकनीक से खेती करने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं को आगे बढक़र खेती किसानी को अपनाकर लाभ कमाने और आत्मनिर्भर बनने की बात कही। राज्य वैरायटी रिलीज कमेटी के दाऊलाल चंद्राकर ने उन्नत किस्मों को विकसित करने की प्रक्रिया, उनके महत्व के बारे में बताया।
इसी प्रकार जिला पंचायत सदस्य जागेशवर चंद्राकर, संजय ने धनिया, अरहर,धान, कोदो, कुटकी, रागी, अदरक, हल्दी बीजों के साथ ही कृषि यंत्रों जैसे अम्बिका पैडी रीडर आदि की जानकारी दी।