महासमुन्द
महासमुंद, 22 अप्रैल। ग्रामीण की शिकायत पर राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बसना क्षेत्र के एक अवैध क्लिनिक में दबिश दी। यह क्लिनिक तीन कमरे में संचालित हो रहा था। जहां स्वास्थ्य जांच के उपकरण सहित बड़ी मात्रा में दवाई पाई गई। अवैध रूप से क्लिनिक का संचालन करते पाये जाने पर क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की गई।
विखं चिकित्सा अधिकारी डॉ.तारा अग्रवाल ने बताया कि मोहगांव सांकरा में अकुशल डॉक्टर द्वारा अवैध रूप से क्लिनिक संचालन करने की शिकायत मिली थी। जिस पर राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार देवेन्द्र कुमार नेताम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग पिथौरा बीएमओ डॉ.तारा अग्रवाल, फार्मासिस्ट कौशल पटेल, पुरूष स्वास्थ्य कार्यकर्ता मुकेश समेत एक संयुक्त टीम ने दोपहर 12 बजे मोहगांव पहुंचकर हेमंत प्रधान के घर छापेमार कार्रवाई की।
टीम ने पाया कि अवैध क्लिनिक के तीन कमरे में काफी मात्रा में एलोपैथिक की दवाइयां एवं मरीजों के स्वास्थ्य जांच करने वाले उपकरण स्टेथोस्कोप, तापमापी, सिरिंज, डिस्ट्रॉयर पड़ा हुआ है।
टीम ने डा. हेमंत प्रधान को चिकित्सा से संबंधित डिग्री, क्लिनिक संचालित करने संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करने कहा। अकुशल डॉक्टर हेमंत प्रधान ने कोई चिकित्सा डिग्री प्रस्तुत नहीं की।