महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अप्रैल। नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने और रेप का आरोप दोष सिद्ध होने पर लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के विशेष न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक ने धारा 6 के अंतर्गत आरोपी को 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 10 हजार रुपए के अथदंड से दंडित किया है।
अथर्दंड नहीं पटाने पर आरोपी को 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। इसी तरह भादस की धारा 363 के तहत 5 वर्ष व 366 के तहत 7 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा के अलावा क्रमश: एक व दो हजार रुपए के अथदंड से भी दंडित किया है। अन्य सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी।
अभियोजन के अनुसार पिथौरा थाना में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी नाबालिग पुत्री 28 जनू 2022 को सुबह 10 बजे 11वीं कक्षा में प्रवेश लेने पिथौरा जा रही हूं, कहकर घर से निकली जो रात तक वापस नहीं आई। आसपास रिश्तेदारों के यहां पता करने पर कोई जानकारी नहीं मिले पर उसने पिथौरा थाना में शिकायत दर्ज कराया कि कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर उसे भगाकर ले गया है।
पुलिस ने इस पर धारा 363 का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। इसके बाद 7 अगस्त 2022 को आरोपी सामंत कुमार उर्फ चुनु यदु (21) टेका के आधिपत्य से नाबालिग की बरामदी की गई।
पूछताछ में पीडि़ता ने बताया कि आरोपी शादी करूंगा कहकर कर्नाटक ले गया और वहां शारीरिक संबंध बनाया। नाबालिग के बयान पर अभियुक्त के खिलाफ लैंगिक अपराधों बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 का मामला दर्ज कर विवेचना उपरांत कोर्ट को सौंपा गया। अभियोजन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक सलीम कुरैशी ने पैरवी की।