महासमुन्द

सभी लोग टीवी-मोबाइल में खुश हैं, 48 सालों से इनकी दोस्ती रेडियो से है, मन किया तो किताबें भी पढ़ लेते हैं
20-Apr-2023 3:36 PM
सभी लोग टीवी-मोबाइल में खुश हैं, 48 सालों से इनकी दोस्ती रेडियो से है, मन किया तो किताबें भी पढ़ लेते हैं

महासमुंद के रिटायर्ड शिक्षक मांझी से ‘छत्तीसगढ़’ की एक मुलाकात 

कहते हैं- सबसे ज्यादा भरोसेमंद खबर रेडियो की होती है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अप्रैल।
आधुनिक युग में रेडियो का महत्व काफी कम हुआ है लेकिन इसके फायदे कभी कम नहीं थे। आज भी महामसुंद जिले का एक बुजुर्ग रेडियो के साथ अपना समय बिताते हैं। ये कहते हैं कि-एक समय था जब देश-दुनिया की खबरें जानने के लिए लोग रेडियो पर ही निर्भर थे। रेडियो के जरिए ही लोग सांस्कृतिक गतिविधियों से रू-ब-रू होते थे। लोकगीत, फिल्मी गाने सुनते थे। खेती किसानी और बच्चों को पढ़वे लिखने की जानकारी भी मिलती थी। रेडियो की उपयोगिता अब मोबाइल और टीवी के जमाने में स्मृति बनकर रह गया है। अब के बहुत से बच्चों ने रेडियो देखा ही नहीं। रेडियो और मैंने साथ-साथ 48 साल का सफर तय किया है।

रेडियो को अपना दोस्त कहने वाले यह बुजुर्ग सरायपाली ब्लॉक मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम प्रेतेनडीह में रहते हैं। इनकी उम्र 70 साल है और सेवानिवृत्त प्राचार्य हैं। नाम है दिवाकर मांझी। इनका कहना है कि बीते 47-48 सालों से रेडियो सुनते आ रहे हैं।  अपनी जीवी बताते हुए कहते हैं-मैं शिक्षक के रूप में 1975 में ट्रेनिंग ली। इसके बाद सन 1976 में पहली पोस्टिंग बस्तर के कांकेर में हुई। घर बार से अलग रहते रेडियो से दोस्ती हुई और तभी से रेडियो सुन रहा हूं। आज भी मेरी इच्छा रेडियो सुनने की ही होती है। हालांकि सभी लोग टीवी व मोबाइल में खुश रहते हैं लेकिन मुझे आज भी रेडियो ही भाता है।

श्री मांझी बताते हैं-रेडियो में समाचार आता है। टीवी और मोबाइल में भी खबरे चलती रहती हैं लेकिन सबसे ज्यादा भरोसेमंद खबर रेडियो की होती है। हालांकि मैं अखबारों की खबरों पर भी रेडियो इतना ही भरोसा करता हूं लेकिन अखबार सुबह-सुबह पढऩे में मजेदार होते हैं। बाकी समय का साथी रेडियो ही होता है। सुबह-सुबह का वंदे मातरम से लेकर देर रात 10 बजे की खबर सुनते तक मैं रेडियो  के साथ ही होता हूं। इसमें नये पुराने गाने ओरिजनल आवाज में सुनने के लिए मिलती हैं।

श्री मांझी एक खास बात कहते हैं-मोबाइल और टीवी से दोस्ती करने वाले बच्चे, युवा सभी ने अपनी आंखों की रौशनी खराब कर ली। लेकिन   
रेडियो से मुझे कोई नुकसान नहीं हुआ। आज भी बगैर चश्मा अखबार पढ़ता हूं। रेडियों में देश,विदेश के समाचार, विभिन्न प्रकार के संगीत, धार्मिक कार्यक्रम आदि सुनता हूं। कभी-कभी पुस्तक पढऩे का मन होता है तो पुस्तकें खोल लेता हूं।
 


अन्य पोस्ट