महासमुन्द
तालाबों को दिये जा रहे पानी को नहर काटकर प्लांट की ओर मोडऩे की कोशिशों पर आज विराम लगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अप्रैल। कल ‘छत्तीसगढ़’ में खबर छपने के बाद जल संसाधन विभाग की नहर से तालाबों को दिये जा रहे पानी को नहर काटकर प्लांट की ओर मोडऩे की कोशिशों पर आज विराम लग गया है। आज सुबह जानकारी मिली है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रातों रात नहर से प्लांट तक पानी ले जाने के लिए खोदी गई नाली को पाट दिया है।
मालूम हो कि कल ही छत्तीसगढ़ अखबार ने इस बात की खबर प्रकाशित की थी कि कोडार से गांवों के तालाबों तक पानी छोड़ा गया है। कोडार का पानी नहर के जरिए गांवों तक पहुंचना था लेकिन नहर को काटकर नाली बना पावर प्लांट में पानी चोरी-चोरी ले जाया जा रहा था। इस बात का विरोध ग्रामीणों ने की थी। क्येंकि गांवों में भीषम गर्मी के चलते निस्तारी पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार पेयजल व निस्तारी की समस्या से जूझ रहे अनेक गांवों के करीब 70-80 तालाबों को भरने के लिए कोडार बांध से पानी दिया जा रहा है। लेकिन नहर को काटकर इस पानी को प्लांट की ओर ले जाने के लिए किसी ने खेतों में नाली खुदाई कर दी थी। फलस्वरूप बुधवार को उस दिशा में सरकारी पानी बह निकला था।
कल हल्ला होने के बाद नाराज किसान मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने इसका रोध करते हुए प्रशासन पर प्लांट प्रबंधन साथ मिली भगत का आरोप भी लगाया था। जल संसाधन विभाग का कहना था कि उन्होंने किसी भी प्लांट को कोडार बांध से पानी देने की अनुमति नहीं दी है। नहर काटकर पानी चोरी का हल्ला मचने के बाद कल शाम जल संसाधन विभाग का स्टाफ मौके पर पहुंचा था। रात को अज्ञात ने मौके पर खोदी गई नाली को पाट दिया और सुबह गांव वालों को नाली पटा हुआ मिला। कल देर शाम तक खोदी गई नाली मौके पर थी और उसमें कोडार बांध का पानी भी भरा हुआ था। लेकिन आज नाली गायब थी।
सरकारी पानी चोरी के इस मामले में जल संसाधन विभाग ने कोई कार्रवाई फिलहाल नहीं की है। पहले ही तुमगांव के आसपास के ग्रामों के सैकड़ों किसान वहां प्लांट लगाने की तैयारी का साल भर से विरोध कर आंदोलन कर रहे हैं। ये किसान कोडार बांध से अपने हिस्से का पानी प्लांट को देने का भी विरोध कर रहे हैं। जिला प्रशासन इस वक्त गांवों के तालाबों को भरने के लिए कोडार बांध से नहर के जरिए पानी दे रहा है।