महासमुन्द

नियमितीकरण की मांग पर पंचायत सचिवों की माह भर से हड़ताल जारी
18-Apr-2023 3:23 PM
नियमितीकरण की मांग पर पंचायत सचिवों की माह भर से हड़ताल जारी

 निषेधाज्ञा के चलते गांवों में धरने पर रोजाना बैठ रहे हैं 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अप्रैल।
नियमितीकरण की मांग को लेकर माह भर से चल रही पंचायत सचिवों की हड़ताल समाप्त होने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
विभागीय जानकारी अनुसार जिले की कुल 559 पंचायतों में 448 सचिव पदस्थ हैं। इनमें से 45 सचिव हड़ताल में शामिल नहीं है। हड़ताल की वजह से गांवों में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ विकास कार्य व शासन की योजनाओं का कामकाज ठप्प है। इन पर कार्रवाई और दूसरे स्टाफ  को प्रभार देने लिए पंचायत के उच्चाधिकारी शासन के आदेश का इंतजार कर रहे हैं।

मालूम हो कि नगरीय क्षेत्रों निषेधाज्ञा लागू होने की वजह से जिले भर के हड़ताली सचिव ब्लाक मुख्यालयों से होकर नगरीय क्षेत्र के बाहर गांवों में धरने पर रोजाना बैठ रहे हैं। हड़ताल की वजह से माह भर से मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ शासन की योजनाओं पर काम भी ठप पड़ा है। विकास कार्यों पर भी ब्रेक लग गया है। पंचायत का आर्थिक लेन-देन भी बंद है। चुनावी साल होने के बाद भी सचिवों की हड़ताल समाप्त होने के आसार नहीं दिख रहे हैं, न ही कोई कार्रवाई हो रही है। इन््हें 24 घंटे में काम पर लौटने की चेतावनी मिले पखवाड़े भर से अधिक हो गया है।

पंचायत सचिव संगठन की जिला उपाध्यक्ष व महासमुंद ब्लॉक अध्यक्ष नेहा उपाध्याय ने कहा कि इस बार उनका संगठन शासन से नियमितीकरण का लिखित आदेश लेकर ही मानेगा। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में निषेधाज्ञा धारा 144 लागू किये जाने के बाद से हम लोग जिला मुख्यालय से लगे खरोरा ग्राम के शहीद स्मारक के समीप प्रतिदिन धरने पर बैठ रहे हैं।

आज 18 अप्रैल को सभी ब्लॉक में हड़ताली सचिव अपने-अपने क्षेत्र के विधायक को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। महासमुंद में यह काम पहले की कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट