महासमुन्द

किसान धान के साथ-साथ फूलों की खेती को भी दे रहे बढ़ावा
17-Apr-2023 2:39 PM
किसान धान के साथ-साथ फूलों की खेती को भी दे रहे बढ़ावा

 अच्छी आमदनी की वजह से जिले में फ ूलों की खेती का रकबा बढ़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 17अप्रैल। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अब फूलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। विभाग की मानें तो जिले के एक युवा किसान ने 2014 में पुणे में एक फूल उत्पादन के प्रशिक्षण लिया। उसके बाद से ही वे प्रतिवर्ष फूल का उत्पादन कर रहे हैं। वैसे भी जिले में फूलों की खेती का रकबा पिछले कुछ वर्षों से बढ़ा है। लोग धान की खेती के अलावा अब फूल उत्पादन पर जोर दे रहे हैं। उद्यानिकी विभाग की ओर से समय-समय पर किसानों को नि:शुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

इस तरह महासमुंद जिले में फूलों की खेती को लेकर किसान उत्साहित हैं। इसमें अच्छी पैदावार के साथ बढिय़ा आमदनी होने से किसान फूलों की खेती में दिलचस्पी ले रहे हैं। जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर तुमगांव के पास दो एकड़ में एक किसान ने गेंदा फूल तथा डच गुलाब की खेती शुरू किया है। इससे एक सीजन में उक्त किसान को 2 लाख रुपए की आय होती है। किसान के मुताबिक गेंदा फूल की डिमांड महासमुंद के अलावा, रायपुर व बिलासपुर तक है।

इसी तरह जिले के मोहंदी गांव के पास भी 2 एकड़ खेत में गेंदा की फसल लहलहा रही है। यहां दो एकड़ जमीन पर लगभग 40 हजार पौधे रोपे गए हैं। इससे एक सीजन में 20 टन फूल का उत्पादन होता है। जानकारी के मुताबिक बाजार में गेंदा फूल की मांग साल भर रहती है। साथ ही यहां से पौधे भी खरीदकर नर्सरी वाले ले जाते हैं। फूल की खेती कर रहे किसान गनपत साहू ने बताया कि एक सीजन में 2 लाख रुपए के फूल बिक जाते हैं। इसमें फसल की लागत को घटाएं तो एक लाख रुपए की आमदनी एक सीजन में हो जाती है।

शहर के सबसे पुराने फूल विक्रेता राजू 32 मलेवार कहते हैं-कोरोना काल के बाद से ही किसानों में धान की फसल के अलावा फूलों की खेती को लेकर आश्चर्यजनक परिवर्तन आया है। पहले मैं नागपुर कोलकाता से फूल खरीदकर लाता था। लेकिन जब से लोकल स्तर पर फूलों की खेती होने लगी तो स्थानीय ही फूल खरीद लेता हूं। इससे भाड़े का खर्च बच जाता है।  उन्होंने बताया कि शहर में उनके परिजन पिछले 100 सालों से फूलों का व्यवसाय कर रहे हैं। शहर में पहले मात्र 1-2 दुकानें फूलों की होती थी। लेकिन अब इस क्षेत्र में काम करने वालों की संख्या बढ़ गई है। विभाग द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण का फायदा भी किसानों को मिल रहा है। फूलों की प्रजातियों के संबंध में भी किसानों को अवगत कराया जाता है। फूल के उत्पादन में धान से भी ज्यादा कमाई होती है।


अन्य पोस्ट