महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 15 अप्रैल। नीलांचल सेवा समिति द्वारा आयोजित युवा खेल महोत्सव आज 15 अप्रैल से 10 मई तक आयोजित किये जा रहे हैं। खेल महोत्सव में विधान सभा स्तरीय ड्यूस बॉल प्रतियोगिता, युवा महिला एवं पुरुष कबड्डी एवं बॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक डॉ. सम्पत अग्रवाल करेंगे।
शुक्रवार को नीलांचल सेवा समिति के कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में समिति के संस्थापक डॉ संपत अग्रवाल ने बताया कि शनिवार 15 अप्रैल से 10 मई तक क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा सामने लाने के उद्देश्य से युवा खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को सामने ला कर उनकी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना है।
ड्यूस बाल क्रिकेट में कुल 57 टीम
खेल महोत्सव में होने वाली ड्यूस बॉल प्रतियोगिता में बसना विधान सभा क्षेत्र की कील 57 टीम भाग लेंगी। क्रिकेट का फाइनल 9 मई को होगा।इसके अलावा 15 अप्रैल से 10 मई के बीच रात्रिकालीन कबड्डी एवं बॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।दोनों ही खेल महिलाओं के लिए भी होंगे। महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता साथ साथ शहीद भगत सिंह खेल मैदान में चलेगी।
10 मई को समापन के साथ जन्मदिन केक काटा जाएगा
युवा खेल महोत्सव का समापन समारोह 10 मई को शहीद भगत सिंह खेल मैदान में आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में विजेता टीमों को सम्मान एवम पुरस्कार वितरण किया जाएगा। इस दिन नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक डॉ.सम्पत अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर नीलांचल परिवार द्वारा मैदान में ही केक काट कर जन्मदिन मनाया जाएगा।
गरिमा स्वर्णा दिवाकर नाईट
खेल महोत्सव के समापन अवसर पर प्रदेध की प्रसिद्ध गायिका गरिमा स्वर्ण दिवाकर बहनों का कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसके लिए तैयारियां चल रही है।
नीलांचल कर रहा लगातार बड़े आयोजन
बसना विधान सभा में सक्रिय नीलांचल सेवा समिति गठन के बाद से ही स्वास्थ्य शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। वर्ष में दो बार सभी विकासखण्ड मुख्यालय एवम बड़े ग्रामों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर नि:शुल्क जांच एवं दवाओं का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा स्कूली छात्र छात्राओं को पढ़ाई हेतु आर्थिक सहायता दी जा रही है। समिति द्वारा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उनकी पहचान राष्ट्रीय स्तर तक बनाने का प्रयास किया जाता है।