महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 अप्रैल। जिला पंचायत सीईओ एस आलोक ने बुधवार को मिडिल स्कूल पचेड़ा एवं प्राथमिक शाला भवन में संचालित पुस्तकालय कक्ष एवं हमारी चौपाल कक्ष का अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान साक्षरता संकाय के जितेंद्र सोनबेर द्वारा बच्चों के साथ पुस्तकालय से संबंधित गतिविधि का वाचन किया गया। सीईओ श्री आलोक ने इस दौरान बच्चों से पुस्तकालय और उनकी पढ़ाई से संबंधित सवाल किए। जिसका बच्चों ने बड़ी रोचकता और उत्साह के साथ जवाब दिया।
इसी दौरान रूम टू रीड छत्तीसगढ़ के राज्य प्रमुख प्रतीक बनर्जी ने बताया कि पढ़ पाने की कुशलता अर्जित करने और पढऩे की आदत विकसित होने के लिए बाल सुलभ पुस्तकालय अत्यंत महत्वपूर्ण संसाधन है। जिसकी अनदेखी नहीं की जा सकती। यहां 30 विद्यालयों में बाल सुलभ विषयों पर बच्चों के लिए किताबों की दुनिया में पुस्तकालय स्थापित किया है। जिसमें चित्रों के माध्यम से बच्चे कहानियों को सीखते और पढऩे के लिए प्रेरित होते हैं।
इस दौरान विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक बागबाहरा केवल राम टंडन, सीएसी रुपेश साहू, देवेंद्र चंद्राकर, फोकल पॉइंट बबिता घाटगे एवं समस्त शिक्षकगण शामिल हुए। इसके अतिरिक्त रूम टू रीड के राज्य प्रमुख प्रतीक बनर्जी, कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप साक्षरता कार्यक्रम एवं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी बालिका शिक्षा प्रभात तथा अन्य सदस्य चेतना, गौतम, जितेन्द्र, नीरज, जयप्रकाश,कोमल, लक्ष्मी, हास्यलता आदि उपस्थित थे।