महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 अप्रैल। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव प्रसन्ना आर. ने सभी जिलों के कलेक्टर को परिपत्र जारी कर कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस संबंध में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के पत्र का उल्लेख करते हुए कलेक्टर से कहा है कि कोरोना संक्रमण की दर में सतत वृद्धि को देखते हुए सर्दी, खांसी और जुकाम के लक्षण वाले लोगों की लगातार निगरानी करने और ऐसे मरीजों की कोरोना जांच हों। प्रत्येक जिले में रोजाना कम से कम 100 सैंपलों की जांच किया जाए। विभाग ने निर्देशित किया है कि सैंपलों की जांच यथासंभव आरटी पीसीआर विधि से ही किया जाए ताकि पॉजिटिव मामलों के सैंपल को व्होल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा जा सके।
विभाग ने सभी जिलों को कोविड.19 के उपचार के लिए अस्पतालों में बिस्तरों, ऑक्सीजन बिस्तर, आईसीयू बिस्तरों, वेंटिलेटर, मेडिकल ऑक्सीजन, दवाईयों इत्यादि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने जनसामान्य के बीच कोविड अनुरूप व्यवहार के व्यापक प्रचार.प्रसार के भी निर्देश दिए हैं।
विभाग ने सर्दी, खांसी, जुकाम एवं बुखार के लक्षण वाले व्यक्तियों की तत्काल कोविड.19 जांच कराने के लिए कहा है। बुजुर्गों तथा डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, कैंसर, किडनी आदि बीमारियों के पीडि़तों एवं कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले व्यक्तियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों में जाने से बचने कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने भीड़भाड़ एवं कम हवादार वाले स्थानों में मास्क लगाने, खांसते एवं छींकते समय रुमाल या टिश्यू पेपर से मुंह एवं नाक को ढंकने, सर्दी.जुकाम वाले व्यक्तियों के संपर्क में आने से बचने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखते हुए समय-समय पर हाथ धोते रहने के बारे में लोगों को जागरूक करने को कहा है।