महासमुन्द
दफ्तर के मुख्य गेट पर बैठकर नारेबाजी की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अप्रैल। चार सूत्रीय मांगों को लेकर गत 3 अप्रैल से पटवारी दफ्तर के समक्ष अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठी बिहान की महिलाओं ने कल धरना स्थल से कलेक्टोरेट तक रैली निकालकर कलेक्टोरेट कार्यालय का घेराव किया। जिसमें जिले भर की सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया तथा शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
मालूम हो कि चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलित बिहान महिलाओं के कारण पंचायत स्तर के सभी काम प्रभावित हो रहे हैं। आजीविका मिशन बिहान की महिलाएं क्रेडर पीआर एफ , एफ एल सी आर पी, आरबीके एडब्ल्यू, बैंक सखी में कार्य कर शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन करती हैं। बिहान समूह की जिलाध्यक्ष कीर्ति साहू ने बताया कि वे मानदेय में वृद्धि को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 20 मार्च को 4 सूत्रीय मांगों को लेकर निराकरण के लिए कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा था। साथ ही मांगों को लेकर सांसद चुन्नीलाल साहू और स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौंपकर केंद्र और राज्य सरकारों से मार्ग पूरी करने का अनुरोध भी किया था। कल कलेक्टर कार्यालय पहुंची महिलाओं ने मुख्य द्वार पर बैठ कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए और अपनी मांगें पूरी करने की गुहार लगाई।