महासमुन्द

अंबेडकर जयंती समारोह को लेकर 16 को महासमुंद में वृहद आयोजन
12-Apr-2023 2:33 PM
अंबेडकर जयंती समारोह को लेकर 16 को महासमुंद में वृहद आयोजन

शंकराचार्य भवन से निकलेगी शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अप्रैल।
भारतरत्न डा.भीमराव अंबेडकर की 132वीं जयंती पर 16 अप्रैल को शासकीय हाईस्कूल मैदान में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें सर्व समाज के लोग शामिल होंगे।
प्रेस क्लब में कार्यक्रम के संयोजक त्रिभुवन महिलांग ने पत्रकारों को बताया कि 14 अप्रैल अंबेडकर की जयंती है और उस दिन गांवों में लोग अपने स्तर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। सभी को साथ लेकर कार्यक्रम आयोजित करने के उद्देश्य से 16 अप्रैल को एक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हाईस्कूल मैदान में रखा गया है। इस दिन शाम 4 बजे शंकराचार्य भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो बरोंडा चौक होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा में पुष्प अर्पण करेगी।

इस शोभायात्रा में सामाजिक जनों के साथ सर्व समाज के हजारों महिला पुरुष और बच्चे शामिल होंगे। इस दौरान पंथी, राउत नाचा, के अलावा अन्य कलाकार शोभायात्रा में साथ-साथ अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ आईपीएस रतनलाल डांगी, विशेष सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण चंद्राकर, पूर्व कमिश्नर वासनीकर, महासमुंद पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह उपस्थित होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष त्रिभुवन महिलांग करेंगे। विशिष्ट वक्ता उपसंचालक लोक शिक्षण संचालनालय प्रो. करमत खटकर, अध्यक्ष ऑल इंडिया एसटीएससी रेलवे एम्पलाइज एसोसिएशन गुजरात के लेखराम मीणा, अधीक्षण यंत्री विद्युत विभाग शामिल होंगे।

कार्यक्रम में लगभग 30 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। वक्ताओं के संबोधन पश्चात शाम को नागपुर अम्बेडकरी कव्वाली की प्रस्तुति होगी। प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व नपाध्यक्ष में पवन पटेल, धरम साहू, एमएल ध्रुव, राजू यादव, बसंत सिन्हा, शुभम बाघ, दिनेश बंजारे, विजय बंजारे, चित्र कुमार भारती, रेखराम बघेल, डा आत्माराम,एचआर सोनवानी, सुरेन्द्र कुमार उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट