महासमुन्द
2 लाख 84 हजार 540 परिवारों का होना है सर्वेक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अप्रैल। महासमुंद जिले में 10 दिन में 82 हजार 209 परिवारों का टीम द्वारा सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण किया जा चुका है। बीते एक अप्रैल से ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वेक्षण का काम शुरू हुआ था। ताजा जानकारी के अनुसार सर्वाधिक सर्वेक्षण सरायपाली में 17 हजार 635 परिवारों का हुआ है। इसी प्रकार पिथौरा में 17 हजार 560, महासमुंद में 17 हजार 105, बसना में 14 हजार 723 और बागबाहरा के ग्रामीण क्षेत्रों में 15 हजार 386 परिवारों का सर्वेक्षण टीम द्वारा सर्वेक्षण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद 1 अप्रैल से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण 2023 शुभारंभ हुआ था। महासमुंद जिले में 2लाख,84 हजार, 540 ग्रामीण क्षेत्र के परिवारों का सर्वेक्षण का काम किया जाना है। इसमें बागबाहरा के 53 हजार 833, बसना के 54 हजार 046, महासमुंद के 58 हजार 875, पिथौरा के 64 हजार 862 और सरायपाली विकासखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों के 52 हजार 924 परिवार शामिल है।
इस प्रकार जिले में कुल 2 लाख 84 हजार 540 परिवारों के सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण किया जाना है। जिले के 551 ग्राम पंचायतों में सर्वेक्षण के लिए 135 सुपरवाईजर, 1476 प्रगणक की ड्यूटी लगाई गई है। जो जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रपत्र, एप्प के माध्यम से सर्वे का काम कर रहें हैं। यह कार्य आगामी 30 अप्रैल तक चलेगा। सर्वेक्षण में विभिन्न योजनाओं से वंचित हितग्राही भी नवीन सूची में शामिल हो पायेंगे। हितग्राहियों को पात्रता के अनुसार योजना का पूरा लाभ मिलेगा।